डेस्क : उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में फेसबुक के जरिए हुई दोस्ती के बाद एक नाबालिग छात्रा को होटल बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने संबंधित होटल को भी बंद करा दिया है।
पुलिस के मुताबिक, बुलंदशहर के डिबाई क्षेत्र की रहने वाली कक्षा आठ की छात्रा की करीब डेढ़ महीने पहले फेसबुक के जरिए एक युवक से पहचान हुई थी। आरोप है कि बुधवार को युवक ने छात्रा को फोन कर क्वार्सी चौराहे पर बुलाया। इसके बाद वह उसे ओजोन सिटी रोड स्थित एक होटल में ले गया।
आरोप है कि होटल के कमरे में युवक ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह उसे कमरे में छोड़कर बाहर चला गया। इसी दौरान होटल संचालक वहां पहुंचा और कथित तौर पर नाबालिग को कमरे में बंद कर उसके साथ भी दुष्कर्म किया।
पीड़िता किसी तरह होटल से बाहर निकली और पास में मौजूद एक महिला को घटना की जानकारी दी। महिला ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग को थाने ले जाया गया।
पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने होटल को भी बंद करा दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।








