जंतर-मंतर पथराव पर अभिजीत दीपके का आरोप, भाजपा पर साधा निशाना

0

नई दिल्ली :  जंतर-मंतर के पास बुधवार रात हुए पथराव और बवाल को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके ने अपने समर्थकों का इससे कोई संबंध होने से इनकार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन को बदनाम करने के लिए भारतीय जनता पार्टी की ओर से लोगों को भेजकर पथराव कराया जा रहा है।

दीपके ने गुरुवार सुबह मीडिया से बातचीत में दावा किया कि आंदोलन को बढ़ता देखकर भाजपा प्रदर्शन को खराब करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस पत्थरों से भरे ट्रक लेकर आती है और भाजपा के लोग पथराव करते हैं, जिसके बाद इसका आरोप सीजेपी के प्रदर्शनकारियों पर लगाया जाता है।

उन्होंने कहा कि उनका संगठन पिछले करीब एक महीने से प्रदर्शन कर रहा है और इस दौरान कोई बड़ी घटना नहीं हुई, लेकिन आंदोलन के बढ़ने के बाद बाहर से लोगों को भेजकर माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, जंतर-मंतर के पास हुई हिंसक घटनाओं में दो एसीपी समेत छह लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है। मामले को लेकर पुलिस की कार्रवाई और प्रदर्शनकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, दीपके द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।