डेस्क : उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है। महिला के पास से तीन बैग में करीब 34.5 किलो गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराज्यीय बाजार में कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने संदिग्ध हालत में प्लेटफॉर्म पर बैठी महिला को पूछताछ के बाद पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके बैग से गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार महिला की पहचान नजारा खातून के रूप में हुई है, जो गाजियाबाद के लोनी इलाके की रहने वाली बताई गई है। पुलिस के मुताबिक, वह ओडिशा के भुवनेश्वर से गांजा लेकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करने जा रही थी।
पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर बताया कि ओडिशा में बैठा एक माफिया लोगों को गांजा पहुंचाने के लिए 18 हजार से 35 हजार रुपये तक मासिक वेतन देता है। तस्करों को हर महीने तीन से पांच चक्कर लगाने होते हैं। महिला ने यह भी बताया कि उसके साथ करीब 12 लोग कैरियर के रूप में काम करते हैं।
कार्रवाई के दौरान महिला के साथ एक 14 वर्षीय किशोरी भी मिली, जिसके बारे में महिला कोई संतोषजनक जानकारी नहीं दे सकी। किशोरी को आरपीएफ और जीआरपी ने चाइल्ड लाइन को सौंप दिया है।
अधिकारियों के अनुसार, जनवरी से जून के बीच कानपुर में तीन कुंतल से अधिक गांजा पकड़ा जा चुका है। तस्करी के इस नेटवर्क के जरिए ओडिशा से गांजा कानपुर, लखनऊ, दिल्ली, गाजियाबाद और नोएडा समेत कई शहरों तक पहुंचाया जाता था। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और कथित माफिया की तलाश में जुटी है।









