मिग-21 को आखिरी सलाम, नेटफ्लिक्स ला रहा है 62 साल के सफर की कहानी

0

डेस्क : नेटफ्लिक्स की चर्चित युद्ध श्रृंखला ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ की वैश्विक सफलता के बाद अब भारतीय वायुसेना के इतिहास से जुड़ी एक और महत्वपूर्ण कहानी दर्शकों के सामने आने वाली है। नेटफ्लिक्स ने भारतीय वायुसेना के प्रतिष्ठित लड़ाकू विमान मिग-21 पर आधारित डॉक्यूमेंट्री ‘द लास्ट सैल्यूट : ए लव लेटर टू मिग-21’ की घोषणा की है। यह डॉक्यूमेंट्री 26 अगस्त 2026 को नेटफ्लिक्स पर प्रदर्शित होगी।

छह दशक के सफर की कहानी

‘द लास्ट सैल्यूट’ भारतीय वायुसेना के साथ मिग-21 के करीब 62 वर्षों के सफर को सामने लाएगी। डॉक्यूमेंट्री में उन पायलटों की यादों, अनुभवों और अनकही कहानियों को दिखाया जाएगा, जिन्होंने अलग-अलग दौर में इस लड़ाकू विमान को उड़ाया।

नेटफ्लिक्स के अनुसार, फिल्म मिग-21 के अंतिम दौर और भारतीय वायुसेना के साथ उसके लंबे जुड़ाव को पायलटों की व्यक्तिगत कहानियों के माध्यम से प्रस्तुत करेगी।

‘ऑपरेशन सफेद सागर’ से जुड़ा है रिश्ता

मिग-21 का भारतीय वायुसेना के इतिहास में खास स्थान रहा है। कारगिल युद्ध के दौरान भी इस विमान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। नेटफ्लिक्स की ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ श्रृंखला में भी भारतीय वायुसेना के गोल्डन एरो स्क्वाड्रन और कारगिल युद्ध के दौरान उसके अभियानों को केंद्र में रखा गया था।

‘ऑपरेशन सफेद सागर’ को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली है और यह नेटफ्लिक्स की वैश्विक गैर-अंग्रेजी श्रृंखलाओं की शीर्ष दस सूची में दूसरे स्थान तक पहुंच चुकी है। यह श्रृंखला 40 देशों में शीर्ष दस में शामिल हुई और 10 देशों में पहले स्थान पर रही।

वायुसेना प्रमुख भी होंगे शामिल

इस डॉक्यूमेंट्री में वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह के साथ मिग-21 उड़ाने वाले कई पूर्व पायलट भी नजर आएंगे। फिल्म में विमान से जुड़े उनके अनुभव, यादें और ऐसे प्रसंग दिखाए जाएंगे, जो अब तक आम दर्शकों के सामने नहीं आए हैं।

वही टीम लेकर आई है नई कहानी

‘द लास्ट सैल्यूट’ का निर्माण मैचबॉक्स शॉट्स ने किया है और इसका निर्देशन कुशल श्रीवास्तव ने किया है। यही टीम ‘ऑपरेशन सफेद सागर’ से भी जुड़ी रही है।

निर्माताओं के अनुसार, श्रृंखला पर काम करते समय टीम को महसूस हुआ कि मिग-21 केवल एक लड़ाकू विमान नहीं था, बल्कि कई पीढ़ियों के वायु योद्धाओं के लिए एक भावनात्मक जुड़ाव भी था। इसी वजह से उसकी अलग कहानी को दर्शकों तक पहुंचाने का फैसला किया गया।

26 अगस्त को देख सकेंगे दर्शक

मिग-21 भारतीय वायुसेना के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले लड़ाकू विमानों में शामिल रहा है। अब उसकी विदाई और छह दशक से अधिक लंबे सफर को ‘द लास्ट सैल्यूट’ के जरिए पर्दे पर दर्ज किया जाएगा।

‘द लास्ट सैल्यूट : ए लव लेटर टू मिग-21’ का प्रीमियर 26 अगस्त 2026 को नेटफ्लिक्स पर होगा।