जयपुर : आचार्य महाश्रमण जी के सुशिष्य मुनि श्री तत्त्व रुचि जी ‘तरुण’ ने शुक्रवार को निर्माण नगर स्थित महाप्रज्ञ इंटरनेशनल स्कूल के संबोधि सभागार में आयोजित प्रवचन कार्यक्रम में “मन के जीते जीत और मन के हारे हार” विषय पर गहन आध्यात्मिक उद्बोधन दिया।
अपने प्रवचन में उन्होंने कहा कि मन को सुमन अर्थात् सुंदर, शुद्ध और सकारात्मक बनाना चाहिए, क्योंकि “दुर्मन” समस्याओं को जन्म देता है, जबकि “सुमन” समाधान का मार्ग प्रशस्त करता है। उन्होंने मन को बंधन और मुक्ति दोनों का कारण बताते हुए कहा कि विरक्त, अनासक्त तथा वासना और कामना से रहित मन ही कर्म बंधनों से मुक्ति दिलाता है, जबकि राग-द्वेष और भौतिक आसक्ति में लिप्त मन बंधन का कारण बनता है।
मुनि श्री ने स्पष्ट किया कि मन स्वयं केवल एक उपकरण है, उसका उपयोग किस दिशा में किया जाए यह पूर्णतः व्यक्ति के विवेक पर निर्भर करता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एक ही चाकू का उपयोग कोई व्यक्ति हत्या के लिए करता है तो कोई चिकित्सक उसी से जीवन बचाने का कार्य करता है। इसी प्रकार चाबी एक ही होती है, परंतु उसका उपयोग खोलने या बंद करने के लिए किया जा सकता है। मन भी वैसा ही साधन है, जिसका सदुपयोग मोक्ष और सद्गति की ओर ले जाता है, जबकि दुरुपयोग दुर्गति का कारण बनता है।
इस अवसर पर मुनि श्री संभव कुमार जी ने मन को वश में करने की प्रेरणा देते हुए गीत के माध्यम से बताया कि मन वानर, घोड़ा, हाथी तथा जलधारा के समान चंचल है, जो निरंतर बाहर की ओर भागता रहता है। उन्होंने कहा कि जैसे घोड़े को लगाम से, हाथी को अंकुश से और जलधारा को बाँध से नियंत्रित किया जाता है, वैसे ही मन को जप, तप, ध्यान और स्वाध्याय के माध्यम से साधा जा सकता है।
कार्यक्रम के प्रारंभ में तीर्थंकर श्री पार्श्व प्रभु की स्तुति में भक्तिगीत का संगान किया गया। साथ ही एकाग्रता विकास हेतु ध्यान का प्रयोग भी करवाया गया। अंत में प्रत्याख्यान और मंगल पाठ के साथ प्रवचन कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
इससे पूर्व मुनिद्वय प्रातः डॉक्टर्स कॉलोनी से विहार कर निर्माण नगर स्थित महाप्रज्ञ इंटरनेशनल स्कूल पहुँचे, जहाँ स्कूल प्रिंसिपल डॉ. रश्मि जी परियानी ने विद्यालय परिवार के साथ उनका स्वागत एवं अभिवादन किया।
गुरुवार रात्रि डॉक्टर्स कॉलोनी में मुनिवृंद के सानिध्य में एक आध्यात्मिक एवं प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ। इस अवसर पर अणुव्रत समिति जयपुर द्वारा अणुव्रत विश्व भारती सोसायटी के तत्वावधान में पर्यावरण शुद्धि से संबंधित एक बैनर का अनावरण भी किया गया।


