‘पहले मैं जलाऊंगा दीया’, कांग्रेस सांसद से भिड़े थलपति विजय की पार्टी के विधायक

0

डेस्क : तमिलनाडु की राजनीति में एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान उस समय हलचल मच गई, जब दीप प्रज्ज्वलन को लेकर तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के विधायक और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद आमने-सामने आ गए। मंच पर दोनों नेताओं के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में इस घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

त्रिची में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम में मंत्री, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से होनी थी। इसी दौरान कांग्रेस के राज्यसभा सांसद क्रिस्टोफर तिलक को दीप जलाने के लिए मोमबत्ती दी गई। बताया जा रहा है कि TVK विधायक नवलपट्टू विजी ने इस पर आपत्ति जताई।

विधायक का कहना था कि कार्यक्रम के प्रोटोकॉल के तहत उन्हें दीप प्रज्ज्वलन का अवसर पहले मिलना चाहिए था। इसी बात को लेकर मंच पर दोनों नेताओं के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर विधायक ने सांसद के हाथ से मोमबत्ती नीचे गिरा दी।

मंच पर मौजूद अन्य नेताओं ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने की कोशिश की। बाद में दूसरी मोमबत्ती की व्यवस्था कर दीप प्रज्ज्वलन की प्रक्रिया पूरी की गई।

घटना के राजनीतिक मायने तलाशे जा रहे

सरकारी कार्यक्रम के मंच पर हुई इस घटना ने तमिलनाडु की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। खासतौर पर ऐसे समय में जब राज्य में 2026 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों के बीच समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। अभिनेता विजय की पार्टी TVK लगातार अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटी है और विभिन्न दलों के साथ उसके संभावित चुनावी समीकरणों को लेकर भी अटकलें चल रही हैं।

ऐसे में TVK विधायक और कांग्रेस सांसद के बीच सार्वजनिक मंच पर हुआ विवाद महज प्रोटोकॉल का मामला है या इसके पीछे स्थानीय राजनीतिक खींचतान भी है, इसे लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, कार्यक्रम के बाद दोनों पक्षों की ओर से इसे लेकर कोई बड़ा राजनीतिक बयान सामने नहीं आया।