डेस्क : पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष और बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने कहा है कि पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी की रविवार को होने वाली तेहरान यात्रा के दौरान अमेरिका की ओर से कोई संदेश या प्रस्ताव लाए जाने के फिलहाल कोई संकेत नहीं हैं। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि नकवी की यात्रा मुख्य रूप से ईरान और पाकिस्तान के बीच द्विपक्षीय संबंधों तथा पहले हुए समझौतों को आगे बढ़ाने पर केंद्रित होगी।
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तान क्षेत्र में मध्यस्थ की भूमिका निभाता रहा है और ऐसे में क्षेत्रीय मुद्दों पर बातचीत के लिए अवसर तलाशना स्वाभाविक है। हालांकि, अभी तक ऐसी कोई जानकारी नहीं है कि नकवी अमेरिका की ओर से कोई संदेश या प्रस्ताव लेकर तेहरान पहुंच रहे हैं।
नकवी की यात्रा ऐसे समय हो रही है, जब अमेरिका और ईरान के बीच तनाव चरम पर है। ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत शुरू करने के लिए सात शर्तें रखी हैं। ईरान के सुरक्षा प्रमुख मोहसिन रजाई के अनुसार, कतर के माध्यम से इन शर्तों को अमेरिकी प्रशासन तक पहुंचाया गया है। इनमें सभी मोर्चों पर युद्ध समाप्त करना, ईरान के जमा धन को जारी करना और नौसैनिक नाकाबंदी खत्म करना शामिल है।
रजाई ने कहा कि ईरान अमेरिकी जवाब का इंतजार कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ईरान की मांगों को स्वीकार नहीं किया गया तो उनका देश निर्णायक युद्ध के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिकी धमकियों से कोई परिणाम हासिल नहीं होगा।
ट्रंप ने कैंप डेविड का प्रवास बीच में छोड़ा
बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शनिवार शाम कैंप डेविड में अपना प्रवास बीच में समाप्त कर व्हाइट हाउस लौट आए। ट्रंप का यह कदम ऐसे समय सामने आया है, जब ईरान के साथ संभावित सैन्य और कूटनीतिक घटनाक्रम पर पूरी दुनिया की नजर है।
इसी बीच पश्चिम एशिया में अमेरिकी राजनयिक मिशनों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की गई है। अमेरिका ने अपने नागरिकों को ईरान, इराक, बहरीन, ओमान, सऊदी अरब, कतर, लेबनान, कुवैत और जॉर्डन सहित क्षेत्र के कई देशों में सतर्क रहने की सलाह दी है।
अमेरिकी चेतावनी में कहा गया है कि क्षेत्र में जारी सैन्य संघर्ष तेजी से बढ़ सकता है। अमेरिकी हितों, राजनयिक प्रतिष्ठानों, कारोबार और अन्य संस्थानों को निशाना बनाए जाने की आशंका भी जताई गई है। नागरिकों से हवाई अड्डों और विमान सेवाओं की स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।
सैन्य गतिविधियों से बढ़ी चिंता
इस बीच विभिन्न रिपोर्टों में पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य गतिविधियां बढ़ने की बात कही गई है। रूस टुडे के अनुसार, ब्रिटेन स्थित एक अमेरिकी एयरबेस से एक अमेरिकी बमवर्षक विमान पश्चिम एशिया की ओर रवाना हुआ है। वहीं ईरानी मीडिया प्रेस टीवी ने उत्तर-पूर्वी सीरिया के अल-हसाका क्षेत्र में खाराब अल-जीर बेस के आसपास हवाई रक्षा गतिविधियां बढ़ने की जानकारी दी है।
हालांकि, इन रिपोर्टों के बीच किसी बड़े नए सैन्य अभियान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पश्चिम एशिया का यह संकट ऐसे समय और महत्वपूर्ण हो गया है, जब दुनिया के नेता संयुक्त राष्ट्र महासभा के लिए न्यूयॉर्क में जुटने वाले हैं। अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष तथा उसके क्षेत्रीय प्रभावों पर संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान चर्चा होने की संभावना है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय की नजर अब इस बात पर है कि मध्यस्थता के प्रयासों के जरिए संघर्ष को बातचीत के रास्ते पर लाया जा सकता है या क्षेत्र में तनाव और बढ़ेगा।








