रूस-यूक्रेन युद्ध पर ट्रंप की अपील- पुतिन और जेलेंस्की करें समझौता

0

डेस्क : रूस-यूक्रेन युद्ध में लगातार हो रही जनहानि के बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह चाहते हैं कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की युद्ध समाप्त करने के लिए आपस में समझौता करें। जेलेंस्की के साथ हालिया द्विपक्षीय बैठक के बाद फॉक्स न्यूज से बातचीत में ट्रंप ने युद्ध में हो रही भारी मौतों पर चिंता जताई।

ट्रंप ने कहा, “हमने कई मुद्दों पर समझौते किए हैं। मैं चाहता हूं कि वह पुतिन के साथ समझौता करें और मैं चाहता हूं कि पुतिन भी उनके साथ समझौता करें।” उन्होंने युद्ध में होने वाली मौतों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले महीने करीब 25 हजार लोग मारे गए, जबकि इससे पहले के महीनों में यह संख्या करीब 32 हजार तक पहुंच गई थी। ट्रंप के मुताबिक, इनमें ज्यादातर सैनिक थे। उन्होंने इसे बेहद दुखद स्थिति बताया।

इस बीच यूक्रेन में रूस के हमले लगातार जारी हैं। शुक्रवार को रूसी ड्रोन ने राजधानी कीव में एक आवासीय अपार्टमेंट इमारत को निशाना बनाया। जेलेंस्की के अनुसार, हमले में कम से कम एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हुए। उन्होंने रूस पर यूक्रेन के विभिन्न हिस्सों में हमले तेज करने का आरोप लगाया।

47 देशों के नागरिकों के युद्ध में इस्तेमाल का दावा

संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र को संबोधित करते हुए जेलेंस्की ने दावा किया कि रूस अपने युद्ध में 47 देशों के नागरिकों का इस्तेमाल कर रहा है। उन्होंने भारत समेत इन देशों से अपने नागरिकों को कथित तौर पर बहला-फुसलाकर युद्ध में शामिल किए जाने से रोकने की अपील की।

जेलेंस्की ने कहा कि घाना, नेपाल, ताजिकिस्तान, भारत, यमन, केन्या, जिम्बाब्वे, क्यूबा, बेलारूस, सूडान और दक्षिण अफ्रीका समेत कई देशों के नागरिक रूस पहुंचने के बाद युद्ध में शामिल किए जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इनमें से कई लोग युद्ध के मैदान में मारे भी जा रहे हैं। जेलेंस्की ने कहा कि ये लोग कथित तौर पर “धोखे और चालों” के जरिए रूस लाए गए।

ट्रंप ने कहा था- दोनों पक्ष समझौता करेंगे

इससे पहले मंगलवार को जेलेंस्की के साथ द्विपक्षीय बैठक के दौरान भी ट्रंप ने रूस और यूक्रेन के बीच समझौते की उम्मीद जताई थी। उन्होंने कहा था कि दोनों देश युद्ध समाप्त करना चाहते हैं और अंततः किसी समझौते तक पहुंचेंगे।

ट्रंप ने जेलेंस्की के साथ अपने संबंधों को भी अच्छा बताते हुए कहा था कि दोनों पक्ष संघर्ष का समाधान तलाशने की दिशा में काम कर रहे हैं। रूस और यूक्रेन के बीच 2022 से जारी युद्ध के बीच अमेरिका की ओर से लगातार बातचीत और समझौते के जरिए संघर्ष समाप्त करने पर जोर दिया जा रहा है।