सीजेपी ने ठुकराया आश्वासन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ा संगठन

0

नई दिल्ली :  पेपर लीक के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बावजूद सीजेपी ने अपना आंदोलन जारी रखने का फैसला किया है। संगठन ने प्रधानमंत्री के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई है।

सीजेपी का कहना है कि केवल दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन पर्याप्त नहीं है। संगठन ने पेपर लीक मामले में जवाबदेही तय करने और शिक्षा मंत्री से इस्तीफा लेने की मांग की है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि परीक्षा व्यवस्था में हुई कथित अनियमितताओं की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

प्रधानमंत्री मोदी ने पेपर लीक मामलों को लेकर कहा था कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और मामलों के जल्द निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक अदालतों की व्यवस्था की बात कही थी।

हालांकि, सीजेपी ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर ठोस कदम नहीं उठाया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। संगठन की ओर से शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को अपनी प्रमुख मांग बताते हुए सरकार पर दबाव बनाए रखने की बात कही गई है।

पेपर लीक के मुद्दे को लेकर चल रहे इस विवाद के बीच सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच गतिरोध बना हुआ है। अब देखना होगा कि सरकार और सीजेपी के बीच इस मुद्दे पर आगे कोई सहमति बनती है या आंदोलन और तेज होता है।