नई दिल्ली : भारत ने सोमवार को अफगानिस्तान के तीन पूर्वी प्रांतों में पाकिस्तान द्वारा किए गए हवाई हमलों की तीखी आलोचना करते हुए इसे अफगानिस्तान की संप्रभुता पर सीधा हमला और क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता के लिए गंभीर खतरा बताया। इन हमलों में महिलाओं और बच्चों सहित कई निर्दोष नागरिकों की जान गई है, जबकि बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं।
विदेश मंत्रालय ने जारी आधिकारिक बयान में कहा कि भारत पाकिस्तान की इन हवाई कार्रवाईयों की कड़े शब्दों में निंदा करता है। मंत्रालय के अनुसार, यह हमला न केवल अफगानिस्तान की संप्रभुता का उल्लंघन है, बल्कि पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता को भी प्रभावित करता है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तान का यह कदम उसकी “लापरवाह और गैर-जिम्मेदाराना नीति” का एक और उदाहरण है। बयान में आरोप लगाया गया कि इस प्रकार की सैन्य कार्रवाई पाकिस्तान द्वारा अपनी आंतरिक समस्याओं और विफलताओं से ध्यान भटकाने का एक निरर्थक प्रयास है।
भारत ने हमले में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। साथ ही यह भी दोहराया कि भारत अफगानिस्तान की संप्रभुता, स्वतंत्रता और क्षेत्रीय अखंडता के समर्थन में दृढ़ता से खड़ा है।
यह प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के पूर्वी प्रांतों—पक्तिया, पक्तिका और कुनार—में सीमा पार सैन्य कार्रवाई की। तालिबान सरकार के उप-प्रवक्ता हमदुल्लाह फ़ितरत ने सोशल मीडिया पर जारी जानकारी में बताया कि अब तक प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार इन हमलों में 36 नागरिकों की मृत्यु हुई है, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, जबकि 163 अन्य घायल हुए हैं। हमलों में तीन आवासीय मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गए।
फ़ितरत के अनुसार, पक्तिया प्रांत के चमकनी जिले के मंडोखैल गांव में पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने एक नागरिक के घर को निशाना बनाया, जिसमें एक बुजुर्ग और एक बच्चे की मृत्यु हो गई तथा परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाद में उसी स्थान पर राहत एवं बचाव कार्य में लगे लोगों को भी निशाना बनाया गया।
इसी प्रकार पक्तिका प्रांत के गियान जिले के वलुस्त गांव तथा कुनार प्रांत के मनोगई जिले के बारोलो गांव में भी हवाई हमले किए गए, जिनमें नागरिक संपत्तियों और आवासीय क्षेत्रों को नुकसान पहुंचा।
उधर पाकिस्तान ने इन सैन्य हमलों की पुष्टि की है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने कहा कि सुरक्षा बलों ने सीमा क्षेत्र में “सुनियोजित खुफिया-आधारित जमीनी अभियान” चलाया, जिसके साथ हवाई कार्रवाई भी की गई।


