यूपीएससी के 100 साल पूरे, आज शताब्दी समारोह में शामिल होंगे प्रधानमंत्री मोदी

0

डेस्क : संघ लोक सेवा आयोग यानी यूपीएससी आज अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर शताब्दी समारोह आयोजित कर रहा है। नई दिल्ली के भारत मंडपम में होने वाले इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे और समारोह को संबोधित करेंगे।

यूपीएससी की स्थापना वर्ष 1926 में हुई थी। वर्षभर चले शताब्दी समारोहों के समापन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी यूपीएससी शताब्दी स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी करेंगे। इसके अलावा ‘100 लैंडमार्क जजमेंट्स—शेपिंग द पॉलिसीज ऑफ यूपीएससी एंड पब्लिक सर्विस कमीशंस इन इंडिया’ नामक पुस्तक का भी विमोचन किया जाएगा।

समारोह में देशभर के राज्य लोक सेवा आयोगों के अध्यक्ष और सदस्य, केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद और यूपीएससी से जुड़े अधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम में लोक सेवा, प्रशासन और देश में सिविल सेवाओं की भूमिका से जुड़े विषयों पर भी चर्चा होगी।

यूपीएससी देश में संघ स्तर की विभिन्न महत्वपूर्ण सरकारी सेवाओं के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन की प्रमुख संस्था है। 100 वर्ष पूरे होने का यह अवसर आयोग के इतिहास और देश की प्रशासनिक व्यवस्था में उसकी भूमिका को रेखांकित करता है।