1.20 करोड़ की चोरी: कर्मचारी ने कैश से भरा सूटकेस बदलकर उसमें भर दिए गत्ते

0

मुंबई: दक्षिण मुंबई के पायधुनी इलाके में एक ज्वेलरी डिस्ट्रीब्यूटर के यहां 1.20 करोड़ रुपये की चोरी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोपी कर्मचारी ने कथित तौर पर असली नोटों से भरा ट्रॉली बैग हटाकर उसकी जगह बिल्कुल वैसा ही दिखने वाला बैग रख दिया, जिसमें गत्ते के टुकड़े भरे हुए थे।

पुलिस के मुताबिक, पायधुनी में इमिटेशन ज्वेलरी का कारोबार करने वाले 37 वर्षीय कारोबारी विकास जैन ने अपने कर्मचारी पीरसिंह देवड़ा को सप्ताह भर का करीब 1.20 करोड़ रुपये का कलेक्शन कार्यालय में लाने की जिम्मेदारी दी थी। आरोप है कि पीरसिंह ने अपने 28 वर्षीय भाई युवराज देवड़ा के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची।

पीरसिंह कैश लेकर कार्यालय पहुंचा और कथित तौर पर वहां असली पैसों से भरा बैग हटाकर गत्ते से भरा दूसरा ट्रॉली बैग रख दिया। बैग को इस तरह तैयार किया गया था कि पहली नजर में वह कैश से भरा हुआ ही लगे।

मामले का खुलासा तब हुआ जब कारोबारी विकास जैन सोमवार को बैंक में रकम जमा करने के लिए कार्यालय पहुंचे और बैग खोला। उसमें नोटों की जगह गत्ते के टुकड़े देखकर उनके होश उड़ गए। इसी दौरान कर्मचारी पीरसिंह का फोन भी बंद मिला और वह गायब था। इसके बाद कारोबारी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पायधुनी पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए 28 वर्षीय युवराज देवड़ा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से चोरी की रकम में से करीब 1.16 करोड़ रुपये बरामद किए हैं। वहीं, मामले का मुख्य आरोपी बताए जा रहे पीरसिंह देवड़ा की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ यह भी पता लगाने में जुटी है कि चोरी की बाकी रकम कहां है और वारदात में अन्य कोई व्यक्ति शामिल था या नहीं।

घटना ने इसलिए भी ध्यान खींचा है क्योंकि आरोपी ने कैश को सीधे लेकर भागने के बजाय उसकी जगह हूबहू दिखने वाला नकली बैग रखकर कारोबारी को काफी देर तक गुमराह करने की कोशिश की।