डेस्क : अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बीच दुनिया के कई देशों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। 30 अक्टूबर के जारी आंकड़ों के अनुसार, वैश्विक स्तर पर पेट्रोल की औसत कीमत करीब 150 रुपये प्रति लीटर और डीजल की कीमत लगभग 159 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। हालांकि, भारत में आज भी पेट्रोल और डीजल की खुदरा कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के पीछे मध्य पूर्व में बढ़ता भू-राजनीतिक तनाव प्रमुख कारण माना जा रहा है। इसके बावजूद देश की प्रमुख तेल विपणन कंपनियों ने घरेलू बाजार में ईंधन के दाम स्थिर रखे हैं।
प्रमुख शहरों में पेट्रोल-डीजल के भाव
30 अक्टूबर को दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल 111.21 रुपये और डीजल 97.83 रुपये, कोलकाता में पेट्रोल 113.51 रुपये और डीजल 99.82 रुपये तथा चेन्नई में पेट्रोल 107.76 रुपये और डीजल 99.55 रुपये प्रति लीटर दर्ज किया गया।
वहीं, जयपुर में पेट्रोल 112.66 रुपये और डीजल 98.25 रुपये प्रति लीटर है। हैदराबाद में पेट्रोल 116.15 रुपये और डीजल 104.23 रुपये प्रति लीटर के स्तर पर है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर नजर
अंतरराष्ट्रीय बाजार में गुरुवार को ब्रेंट क्रूड की कीमत 114.88 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुई, जबकि अमेरिकी डब्ल्यूटीआई क्रूड 102 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। मध्य पूर्व में जारी तनाव और तेल आपूर्ति प्रभावित होने की आशंकाओं के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।
विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय कच्चे तेल की कीमतों के साथ-साथ रुपये की विनिमय दर, केंद्र और राज्य सरकारों के कर तथा अन्य लागतें भी घरेलू पेट्रोल-डीजल की कीमतों को प्रभावित करती हैं।









