डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को 20वें रोजगार मेले के दौरान देशभर के 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं के नियुक्ति पत्र वितरित किए। रोजगार मेले का आयोजन देश के 45 स्थानों पर किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवनियुक्त युवाओं को संबोधित भी किया।
नवनियुक्त युवाओं की नियुक्ति केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में की गई है। इनमें रेलवे, गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, राजस्व विभाग और वित्तीय सेवा विभाग समेत कई अन्य विभाग शामिल हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा में प्रवेश केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि देश की सेवा करने का अवसर भी है। उन्होंने युवाओं से पूरी ईमानदारी, जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
पीएम मोदी ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों का व्यवहार और काम करने का तरीका आम नागरिक के सरकार के प्रति अनुभव को प्रभावित करता है। ऐसे में नवनियुक्त कर्मचारियों को अपनी कार्यशैली के माध्यम से लोगों के लिए सरकारी सेवाओं को सरल और सुगम बनाने पर ध्यान देना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने युवाओं को वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भागीदार बताया। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति भारत के विकास की सबसे बड़ी ताकतों में से एक है। सरकार की ओर से रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
रोजगार मेले के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न सेवाओं में नियुक्ति पाने वाले युवाओं की संख्या अब करीब 12.75 लाख तक पहुंच गई है। रोजगार मेले की शुरुआत अक्टूबर 2022 में की गई थी। इसका उद्देश्य सरकारी विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेज करना और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।








