डेस्क : कानपुर के गुजैनी क्षेत्र में २१ वर्षीय युवती ने अपने जन्मदिन से एक दिन पहले फांसी लगाकर जान दे दी। घटना से एक रात पहले ही युवती ने अपने पिता से जन्मदिन के उपहार को लेकर बातचीत की थी। अगले दिन बेटी का शव फंदे से लटका मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
घटना वरुण बिहार इलाके की है। यहां प्रेम कुमार अपने परिवार के साथ रहते हैं। परिवार में पत्नी राधा, दो बेटे और इकलौती बेटी कृपा कुमारी थी। परिजनों के मुताबिक, १२ सितंबर को कृपा का जन्मदिन था। इसी दिन उसके भतीजे मयंक का भी जन्मदिन होने के कारण दोनों साथ में जन्मदिन मनाते थे।
परिजनों ने बताया कि गुरुवार रात कृपा सामान्य थी और हंसते हुए अपने पिता के पास आई। उसने पिता से पूछा कि इस बार जन्मदिन पर उसे क्या उपहार मिलेगा। पिता ने भी उससे कहा कि जो चाहिए, बता दो। इसके बाद परिवार के सभी सदस्य सोने चले गए।
देर रात कृपा घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में चली गई। शुक्रवार सुबह जब परिजनों ने उसे कमरे में नहीं देखा और दरवाजा खटखटाने पर कोई जवाब नहीं मिला तो उन्होंने दरवाजा तोड़ा। कमरे के अंदर कृपा का शव फंदे से लटका मिला। घटना के बाद मां, पिता और भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच की। गुजैनी थाना प्रभारी राजन शर्मा के अनुसार, प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला सामने आया है, लेकिन इसके पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई है।
पुलिस के अनुसार परिवार मोहल्ले में बहुत कम आता-जाता था और अधिकांश समय घर पर ही रहता था। परिजनों ने यह भी बताया कि कृपा मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करती थी। वह पढ़ाई में रुचि नहीं लेती थी और कक्षा ११ के बाद से घर पर ही रह रही थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।








