मोल्दोवा से भारत लाया गया जग्गू भगवानपुरिया का शूटर अमृत दलम

0

डेस्क : कुख्यात गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया के मुख्य शूटर अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत दलम को पंजाब पुलिस मोल्दोवा गणराज्य से प्रत्यर्पित कर भारत वापस ले आई है। पुलिस की टीम शनिवार सुबह उसे नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पहुंची। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने इसकी जानकारी दी। यूरोप के किसी देश से पंजाब पुलिस द्वारा किया गया यह पहला प्रत्यर्पण बताया गया है।

पुलिस के अनुसार अमृतपाल सिंह अक्टूबर 2024 के आखिरी सप्ताह में भारत से फरार हुआ था। उसने चंडीगढ़ से जारी फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल किया था, जिसमें उसकी पहचान गुरपाल सिंह के नाम से बताई गई थी। भारत से निकलने के बाद वह पहले संयुक्त अरब अमीरात पहुंचा और फिर कई देशों से होते हुए मोल्दोवा पहुंच गया।

मोल्दोवा से यूक्रेन जाने की कोशिश के दौरान ओटासी स्टेट बॉर्डर पर वहां के अधिकारियों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद पंजाब पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों के प्रयासों से उसे भारत लाने की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस के मुताबिक अमृत दलम को अजरबैजान के बाकू के ट्रांजिट रूट से भारत लाया गया। उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था।

छह महीने चला गुप्त अभियान

अमृतपाल सिंह उर्फ अमृत दलम को पकड़ने के लिए पंजाब पुलिस ने करीब छह महीने तक गुप्त खुफिया अभियान चलाया। इसमें केंद्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कई महीनों से उसके ठिकानों और गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। आखिरकार मोल्दोवा की सीमा पर उसकी गिरफ्तारी संभव हुई।

पंजाब में 21 मामले दर्ज

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अमृतपाल सिंह के खिलाफ पंजाब में कुल 21 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, रंगदारी और संगठित अपराध से जुड़े मामले शामिल हैं। इनमें चार मामलों में ट्रायल चल रहा है, जबकि 17 मामलों में जांच जारी है। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से विदेश में फरार चल रहा था।

पंजाब पुलिस ने कहा कि अपराधी दुनिया के किसी भी हिस्से में छिप जाएं, उन्हें कानून के कटघरे में लाने के लिए कार्रवाई जारी रहेगी।