नई दिल्ली : दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में 19 वर्षीय आईटीआई छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि आरोपी ने छात्रा को उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर चुप रहने के लिए मजबूर किया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पिछले करीब एक साल से उसे परेशान कर रहा था और शादी के लिए दबाव बनाता था। आरोप है कि वह छात्रा को रास्ते में रोकता और अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर धमकाता था। परिवार को नुकसान पहुंचाए जाने के डर से छात्रा ने काफी समय तक इसकी जानकारी परिजनों को नहीं दी।
पीड़िता के अनुसार, सोमवार शाम आरोपी उसे चाकू दिखाकर जबरन बाइक पर बैठाकर एक फ्लैट में ले गया। वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया। घटना के बारे में किसी को बताने पर आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पीड़िता के परिजन आरोपी के घर पहुंचे। आरोप है कि वहां आरोपी और उसके साथियों ने छात्रा के पिता और भाई के साथ मारपीट की। दोनों के सिर में चोटें आईं और उनका उपचार कराया गया।
पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया है और उसके बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी और उसके साथियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है।








