दोस्त का फोन आया और घर से निकला छात्र, अगले दिन नाले में मिला शव

0

डेस्क : प्रयागराज में 12वीं कक्षा के एक छात्र की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। झूंसी क्षेत्र में छात्र का शव नाले में मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। शुरुआती जांच में करीब 15 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, छात्र सोमवार रात घर से स्कूटी लेकर निकला था। बताया जा रहा है कि उसे एक दोस्त ने फोन कर बुलाया था। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मंगलवार सुबह हवेलिया स्थित सोहम आश्रम के पास नाले में उसका शव मिला।

शव की स्थिति देखकर पुलिस ने हत्या की आशंका जताई। छात्र के शरीर पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले। उसका अंगूठा भी कटा हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्र का कुछ युवकों से करीब 15 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद था। इसी विवाद के चलते हत्या किए जाने की आशंका है। पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। हत्या में इस्तेमाल हथियार और घटना से जुड़े अन्य साक्ष्यों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर हत्या की पूरी वजह और घटनाक्रम स्पष्ट होगा।