‘हर एफआईआर एक मेडल, 100 का लक्ष्य…’ दिल्ली केस पर राहुल गांधी

0

डेस्क : आकाशवाणी भवन में प्रवेश को लेकर अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बुधवार को जंतर-मंतर पर विपक्षी सांसदों के प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज हर एफआईआर उनके लिए एक मेडल है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं और वह इससे पीछे हटने वाले नहीं हैं।

दरअसल, मंगलवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण के विरोध में विपक्षी सांसदों ने संसद से निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर मार्च निकाला था। पुलिस ने मार्च को आगे बढ़ने से रोक दिया था। इसके बाद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई विपक्षी नेता आकाशवाणी भवन परिसर में पहुंच गए और वहां धरने पर बैठ गए।

राहुल-प्रियंका समेत कई नेताओं पर एफआईआर

दिल्ली पुलिस ने आकाशवाणी भवन परिसर में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश करने और वहां प्रदर्शन करने के मामले में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा तथा अन्य नेताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों से परिसर खाली करने को कहा गया था, लेकिन वे वहां से हटने को तैयार नहीं हुए। बाद में पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी समेत कई नेताओं को हिरासत में लिया था।

जंतर-मंतर पर फिर जुटा विपक्ष

आकाशवाणी भवन की घटना के अगले दिन बुधवार को विपक्षी सांसदों ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया। विपक्षी दलों की मांग है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर जवाब दिया जाए। प्रदर्शन के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।