डेस्क : देश के कई हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के बीच मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 8 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई है। कुछ इलाकों में भारी बारिश का भी अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, केरल और तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। उत्तराखंड में 8 और 9 अक्टूबर को बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में खराब मौसम के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
दिल्ली-एनसीआर में छाए रहेंगे बादल
दिल्ली-एनसीआर में 8 अक्टूबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना है। तापमान में भी मामूली बदलाव देखने को मिल सकता है।
यूपी में आंधी और बारिश के आसार
उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में 8 से 10 अक्टूबर के बीच मौसम बदलने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने स्थानीय स्तर पर सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
बिहार-झारखंड में भी बारिश का अनुमान
बिहार में 8 से 10 अक्टूबर के दौरान कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। इसके बाद मौसम के धीरे-धीरे शुष्क होने का अनुमान है। वहीं झारखंड में 8 अक्टूबर को कई स्थानों पर बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं।
इन राज्यों में भी बारिश का अलर्ट
पश्चिम बंगाल और सिक्किम में कई स्थानों पर बारिश का अनुमान है। ओडिशा में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी 8 से 10 अक्टूबर के बीच बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून की वापसी जारी है, लेकिन अलग-अलग मौसमी प्रणालियों के सक्रिय होने के कारण कई राज्यों में बारिश का दौर बना हुआ है। आने वाले दिनों में मानसून की विदाई के साथ देश के अधिकांश हिस्सों में मौसम धीरे-धीरे साफ होने की संभावना है।








