हापुड़ में 1.43 करोड़ रुपये के पुराने नोट बरामद, नेटवर्क की तलाश में जुटी पुलिस

0

डेस्क : उत्तर प्रदेश के हापुड़ में पुलिस ने एक युवक के कब्जे से करीब 1.43 करोड़ रुपये के बंद हो चुके पुराने नोट बरामद किए हैं। इतनी बड़ी मात्रा में पुराने नोट मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि नोट युवक के पास कहां से आए और इन्हें कहां खपाने की तैयारी थी।

पुलिस के अनुसार, हापुड़ देहात थाना क्षेत्र की ततारपुर चौकी के पास पुलिस टीम वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक से जा रहे एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर युवक ने भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। बाइक की तलाशी लेने पर उसमें पुराने नोटों के बंडल मिले।

जांच के दौरान बरामद नोटों की कुल कीमत करीब 1 करोड़ 43 लाख रुपये आंकी गई। गिरफ्तार युवक की पहचान गाजियाबाद के मुरादनगर निवासी देवेंद्र के रूप में हुई है, जो वर्तमान में नंदग्राम क्षेत्र में रह रहा था।

नोटों के स्रोत का पता लगाने में जुटी पुलिस

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच का मुख्य बिंदु यह है कि उसके पास इतनी बड़ी मात्रा में बंद हो चुके नोट कैसे पहुंचे। पुलिस उसके संपर्कों और पुराने नोटों से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों को आशंका है कि पुराने नोटों को बदलने या किसी अन्य तरीके से ठिकाने लगाने के लिए कोई गिरोह सक्रिय हो सकता है।

पुलिस ने बरामद रकम के संबंध में आयकर विभाग और संबंधित जांच एजेंसियों को भी जानकारी दी है। मामले की जांच आगे बढ़ने के साथ पुराने नोटों के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।