‘अराजकता की राजनीति कर रहा विपक्ष’, गौरव भाटिया का विपक्षी दलों पर हमला

0

डेस्क : भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने गुरुवार को देश की मौजूदा राजनीतिक स्थिति को ‘‘दो विचारधाराओं के बीच संघर्ष’’ करार देते हुए विपक्ष पर लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों को लेकर निराधार आरोप लगाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्ष देश में अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहा है, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 25 वर्षों में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में संविधान की मूल भावना के अनुरूप जनता की सेवा की है।

प्रेसवार्ता में भाटिया ने कहा कि मौजूदा समय में देश के सामने एक तरफ संवैधानिक मूल्यों और जनसेवा की विचारधारा है, जबकि दूसरी तरफ विपक्ष है, जो लगातार लोकतंत्र और संविधान के कमजोर होने का आरोप लगा रहा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल और अन्य विपक्षी दलों की ओर से लगाए जा रहे आरोपों का कोई ठोस आधार नहीं है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि लोकतंत्र खत्म होने और संविधान को कमजोर किए जाने के आरोपों के समर्थन में विपक्ष के पास कोई प्रमाण नहीं है। उन्होंने विपक्ष को गैर-जिम्मेदार बताते हुए कहा कि ऐसे आरोप केवल राजनीतिक माहौल को प्रभावित करने के लिए लगाए जा रहे हैं।

भाटिया ने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने राजनीति में ‘‘स्वराज’’ के नारे के साथ प्रवेश किया था, वह आज ‘‘गुंडाराज’’ की पार्टी बन गई है। उन्होंने अपने आरोपों के समर्थन में उच्चतम न्यायालय के एक आदेश का हवाला दिया।

उन्होंने कहा कि न्यायालय के आदेश में चुनाव प्रक्रिया के दौरान उम्मीदवारों के नामांकन में कथित बाधा और दबाव का उल्लेख किया गया है। भाटिया के अनुसार, आयोग की रिपोर्ट में कहा गया था कि कई स्थानों पर अन्य दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों को नामांकन दाखिल करने से रोकने के लिए दबाव और परेशान किया गया तथा कुछ मामलों में उनके नामांकन पत्र कथित रूप से छीनकर फाड़े या नष्ट किए गए। उन्होंने दावा किया कि उच्चतम न्यायालय ने आयोग की रिपोर्ट में दर्ज इन निष्कर्षों को स्वीकार किया है।