नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी को दिल्ली में एक और बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। पार्टी की वरिष्ठ नेता नीलिमा यादव ने आप से इस्तीफा देकर कांग्रेस का हाथ थाम लिया। कांग्रेस में शामिल होने के बाद नीलिमा यादव ने कहा कि मौजूदा समय में देश को कांग्रेस और राहुल गांधी जैसे नेताओं की जरूरत है, जो लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रहे हैं।
नीलिमा यादव ने बताया कि उन्होंने करीब १२ वर्षों तक आम आदमी पार्टी के लिए काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी का शीर्ष नेतृत्व अब कार्यकर्ताओं से दूर हो गया है। इससे पार्टी के कार्यकर्ताओं में निराशा बढ़ी है और उन्हें अपने साथ उपेक्षा का एहसास हो रहा है।
कांग्रेस में शामिल होने के दौरान नीलिमा यादव ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की सराहना की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए मजबूती से लड़ रही है। उन्होंने लोगों से भी लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस के साथ आने की अपील की।
नीलिमा यादव के कांग्रेस में शामिल होने को आम आदमी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण झटका माना जा रहा है। इससे पहले आप की राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ भी पार्टी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुई थीं। लगातार दो नेताओं के कांग्रेस में जाने से दिल्ली की राजनीति में आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के बीच बदलते राजनीतिक समीकरण को लेकर चर्चा तेज हो गई है।








