स्पेन रेल हादसे के बाद भारतीय दूतावास अलर्ट, नागरिकों से संपर्क की अपील

0

डेस्क : स्पेन में 28 अक्टूबर को हुए भीषण रेल हादसे के बाद भारतीय दूतावास ने प्रभावित ट्रेनों में सफर कर रहे भारतीय नागरिकों और उनके परिजनों से संपर्क करने की अपील की है। हादसा टोलेडो प्रांत के उर्दा के पास हुआ, जिसमें कम से कम 68 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी संदेश में कहा कि दुर्घटना में शामिल ट्रेनों में यात्रा कर रहे भारतीय नागरिक सहायता के लिए मैड्रिड स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क करें। दूतावास ने प्रभावित यात्रियों की मदद के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर और ईमेल जारी किया है।

दूतावास के अनुसार, भारतीय नागरिक +34 650 339 008 पर फोन कर सकते हैं या cons.madrid@mea.gov.in पर ईमेल भेज सकते हैं। इसके अलावा, रेल सेवाओं से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए रेनफे की हेल्पलाइन 900 10 10 20 तथा इर्यो की हेल्पलाइन 900 001 403 भी जारी की गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक हाई-स्पीड ट्रेन दूसरी ट्रेन के पिछले हिस्से से टकरा गई, जिससे यह गंभीर दुर्घटना हुई। हादसे के बाद आपातकालीन सेवाओं और राहत दलों ने प्रभावित लोगों की सहायता के लिए अभियान चलाया।

स्पेन के प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाएं संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर प्रभावित लोगों की मदद और सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटी हैं।

भारतीय दूतावास ने प्रभावित यात्रियों और उनके परिजनों से अपील की है कि यदि उन्हें किसी भारतीय नागरिक के संबंध में सहायता की आवश्यकता हो, तो वे जारी किए गए संपर्क माध्यमों का उपयोग करें।