डेस्क : धारावाहिक ‘महाभारत’ में दुर्योधन की भूमिका निभाने वाले अभिनेता पुनीत इस्सर ने वरिष्ठ अभिनेता नसीरुद्दीन शाह के हालिया बयानों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यदि शाह को मौजूदा सरकार पसंद नहीं है तो उन्हें चुनाव लड़कर उसे हराने की कोशिश करनी चाहिए।
पुनीत इस्सर ने बातचीत में कहा कि नसीरुद्दीन शाह उनके वरिष्ठ हैं और वह एक बेहतरीन कलाकार हैं। हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि शाह कई अहम मुद्दों पर अपनी राय नहीं रखते, जबकि कुछ विषयों पर चुनिंदा तरीके से बोलते हैं।
नसीरुद्दीन शाह ने खुद को बताया था ‘दिमागी नक्सल’
यह विवाद नसीरुद्दीन शाह के उस वीडियो के बाद सामने आया, जिसमें उन्होंने खुद को ‘दिमागी नक्सल’ बताया था। शाह ने केंद्र सरकार पर शिक्षा व्यवस्था को कमजोर करने और युवाओं का मनोबल तोड़ने का आरोप लगाया था। उन्होंने जामिया मिल्लिया इस्लामिया में छात्रसंघ की बहाली की मांग को लेकर हो रहे विरोध-प्रदर्शन का भी समर्थन किया था।
पुनीत इस्सर ने कहा कि सरकार की आलोचना करना हर नागरिक का अधिकार है, लेकिन लोकतंत्र में सरकार बदलने का रास्ता चुनाव से होकर गुजरता है। जनता ने मौजूदा सरकार को चुना है और असहमति रखने वालों को भी लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत अपनी बात रखनी चाहिए।









