नई दिल्ली : कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली विपक्षी INDIA गठबंधन की रैली को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे राज्यों से दिल्ली आने वाले लोगों को रोकने की कोशिश की जा रही है। राहुल गांधी ने कहा कि रामलीला मैदान में जुटने वाली भीड़ और उसे रोकने के प्रयासों से देश के मौजूदा राजनीतिक हालात का अंदाजा लग जाएगा।
राहुल गांधी ने कहा कि लोगों में अपने मताधिकार को लेकर भारी नाराजगी और भावनात्मक पीड़ा है। उनका आरोप है कि लाखों लोगों को मतदान के अधिकार से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि अडानी, अंबानी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मोहन भागवत को फायदा पहुंचाने के लिए लोगों के वोट छीने जा रहे हैं।
कांग्रेस और INDIA गठबंधन ने 1 नवंबर को रामलीला मैदान में ‘चलो दिल्ली’ मार्च और रैली आयोजित करने की घोषणा की है। विपक्ष इस कार्यक्रम को लोकतंत्र और संविधान की रक्षा तथा कथित वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन बता रहा है।
राहुल गांधी इससे पहले भी छात्रों और विभिन्न राजनीतिक विचारधाराओं से जुड़े लोगों से इस मार्च में शामिल होने की अपील कर चुके हैं। उन्होंने कहा है कि यह किसी एक राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए सामूहिक आवाज उठाने का प्रयास है।
गौरतलब है कि विपक्ष मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर लगातार सवाल उठा रहा है। वहीं, निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर विपक्ष के आरोपों पर सत्तारूढ़ पक्ष और निर्वाचन आयोग का पक्ष अलग है।
अब सबकी नजरें 1 नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली रैली पर टिकी हैं।









