नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज मार्कंडेय काटजू ने राजनीतिक दलों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि उन्हें भारत की कोई भी पार्टी पसंद नहीं है। इससे पहले उन्होंने अभिजीत दीपके की CJP यानी कॉकरोच जनता पार्टी का भी मजाक उड़ाया था। इस दौरान उन्होंने खासतौर से भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस का नाम लिया है। उन्होंने आरोप लगाए हैं कि कोई भी लोगों से प्यार नहीं करता है।
काटजू ने लिखा, ‘मैंने की बार कांग्रेस और अन्य दलों की आलोचना करता हूं। इसके कारण कई लोगों को लगता है कि मैं भाजपा समर्थक हूं। यह बात पूरी तरह से गलत है। मैं कांग्रेस और भाजपा समेत भारत में सभी राजनीतिक दलों के खिलाफ हूं। मैं उन सभी को बेकार मानता हूं, क्योंकि वो सत्ता और रुपया चाहते हैं और लोगों से उन्हें कोई भी प्यार नहीं है।’
वोट के लिए नफरत के आरोप
पूर्व जज ने वोट के लिए राजनीति के तरीकों पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने लिखा, ‘ये केवल समाज को बांटने और वोट पाने के लिए जातिगत और सांप्रदायिक नफरत भड़काने में माहिर हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि भविष्य में अच्छे, देशभक्त, बिना स्वार्थ के, मॉडर्न सोच वाले, सेक्युलर नेता सामने आएंगे, जो एक खुशहाल भारत बनाने के लिए लोगों को एक मजबूत एकजुट जन संघर्ष में लीड करेंगे।’
बड़े नेताओं के आने का दावा
उन्होंने लिखा, ‘ऐसा इसलिए क्योंकि ऐतिहासिक अनुभव हमें बताता है कि देश जब भी संकट में होता है, तो प्रकृति बड़े नेता सामने रख देती है, जिन्हें पहले कोई नहीं जानता था। उदाहरण के लिए 17वीं सदी में इंग्लैंड में ओलिवर क्रोमवैल, 1789 में फ्रांस में रोबस्पीयर और 1917 में रूस में लेनिन हैं। इसमें समय लगता है। अब तक ये नजर नहीं आए हैं, लेकिन मुझे भरोसा है कि एक दिन आएंगे।’
CJP का उड़ाया मजाक
इससे पहले उन्होंने एक पोस्ट में कॉकरोच जनता पार्टी पर सवाल उठाए थे। उन्होंने लिखा था, ‘सीजेपी का हाल। जब पड़ी मार शमशीरों की, तो महाराज मैं नाई हूं।’ उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान सीजेपी नेताओं की तरफ से पीस बॉन्ड साइन किए जाने पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, ‘इसका मतलब है कि आपने अंडरटेकिंग दे दी कि अब आप कोई आंदोलन नहीं करेंगे।’
उन्होंने आगे कहा, ‘अगर आंदोलन आपने किया, तो पुलिस कहेगी कि आप शांति भंग कर रहे हैं। आपने पीस बॉन्ड का उल्लंघन किया है और जेल में डाल दिया जाएगा। अभी तक तो कुछ दिनों के लिए थे सौरभ दास और आशुतोष रांका अब इनको कई महीनों के लिए डाल दिया जाएगा। ये डरते हैं जेल जाने से। सीजेपी खत्म हो गई है। इनकी रीढ़ की हड्डी टूट गई है। पीस बॉन्ड साइन करके ये खत्म हो गए हैं। जब पड़ी मार शमशीरों की, तो महाराज मैं तो नाई हूं।’
उन्होंने कहा, ‘तो ये आपको सौरभ दास वगैरह सब नाई हैं। साबित हो गया है। पीस बॉन्ड भर दिया। अभिजीत दीपके भी नाई हैं।’
मॉक पार्लियामेंट का उड़ाया मजाक
साथ ही सोमवार को उन्होंने मॉक पार्लियामेंट का भी मजाक उड़ाया है, जो कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर आयोजित हुई थी। उन्होंने लिखा, ‘हाल ही में मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर आयोजित एक बैठक में सोनिया गांधी को भारत का राष्ट्रपति, फारूक अब्दुल्ला को उपराष्ट्रपति, राहुल गांधी को प्रधानमंत्री, ममता बनर्जी को गृह मंत्री, कपिल सिब्बल को वित्त मंत्री, उद्धव ठाकरे को वाणिज्य मंत्री, अखिलेश यादव को रक्षा मंत्री, प्रशांत भूषण को कानून मंत्री, योगेंद्र यादव को शिक्षा मंत्री, तेजस्वी यादव को कृषि मंत्री, महुआ मोइत्रा को बैंक मामलों की मंत्री, पवन खेड़ा को संसदीय कार्य मंत्री, अजीत अंजुम को सूचना एवं प्रसारण मंत्री, प्रियंका गांधी को महिला मामलों की मंत्री, शशि थरूर को सामाजिक विकास मंत्री, महबूबा मुफ्ती को अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री, सुप्रिया सुले को दलित मामलों की मंत्री, केसी वेणुगोपाल को खेल मंत्री और नेहा बोरा को Gen Z मामलों की मंत्री चुना गया है। अन्य नियुक्तियों की घोषणा बाद में की जाएगी।’
उन्होंने लिखा, ‘ऊपर बताए गए सभी लोगों को बधाई। मुझे पूरा विश्वास है कि आप जल्द ही भारत को समृद्धि के युग में ले जाएंगे और हमारे देश को उन समस्याओं से मुक्त करेंगे जो सदियों से इसे जकड़े हुए हैं। जैसे गरीबी, बेरोजगारी, बच्चों में कुपोषण, स्वास्थ्य सेवाओं और अच्छी शिक्षा की कमी, और खाने-पीने की जरूरी चीजों की आसमान छूती कीमतें।’









