वाशिंगटन :अमेरिका ने वेनेजुएला में एक बड़े सुरक्षा अभियान के तहत कुख्यात आपराधिक संगठन ट्रेन दे अरागुआ के प्रमुख हेक्टर रुस्थेनफोर्ड गुरेरो फ्लोरेस उर्फ ‘निन्यो गुरेरो’ को मार गिराने का दावा किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस अभियान का वीडियो सार्वजनिक करते हुए इसे अमेरिका और क्षेत्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण सफलता बताया है।
ट्रंप के अनुसार यह कार्रवाई अमेरिकी सैन्य बलों द्वारा एक विशेष अभियान के तहत की गई। उन्होंने कहा कि ट्रेन दे अरागुआ लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय अपराध, मानव तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी, अपहरण और जबरन वसूली जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है। अमेरिका इस संगठन को अपने राष्ट्रीय सुरक्षा हितों के लिए गंभीर खतरा मानता रहा है।
अमेरिकी प्रशासन का दावा है कि निन्यो गुरेरो इस आपराधिक नेटवर्क का मुख्य संचालक था और विभिन्न देशों में फैले इसके अपराध तंत्र का नेतृत्व कर रहा था। हाल के वर्षों में अमेरिका ने संगठन और उसके नेताओं के खिलाफ कई प्रतिबंधात्मक तथा कानूनी कदम उठाए थे।
इस कार्रवाई का समय भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि पश्चिम एशिया में ईरान को लेकर बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका वैश्विक स्तर पर अपनी सुरक्षा रणनीति को और आक्रामक रूप से लागू कर रहा है। हालांकि अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वेनेजुएला में किया गया यह अभियान संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई का हिस्सा था।
वहीं, वेनेजुएला सरकार की ओर से इस संबंध में तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अंतरराष्ट्रीय विश्लेषकों का मानना है कि इस घटना के बाद अमेरिका-वेनेजुएला संबंधों में नई कूटनीतिक बहस छिड़ सकती है।


