डेस्क : दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में मंगलवार को आए दो शक्तिशाली भूकंपों ने व्यापक तबाही मचा दी। राजधानी काराकास सहित कई क्षेत्रों में बहुमंजिला इमारतें ढह गईं, जिससे बड़ी संख्या में जान-माल के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने देश में आपातकाल घोषित कर दिया है।
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, पहला भूकंप 7.1 तीव्रता का था, जिसका केंद्र मोरोन से लगभग 168 किलोमीटर पश्चिम में 13 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था। इसके कुछ ही सेकंड बाद 7.5 तीव्रता का दूसरा और अधिक शक्तिशाली झटका दर्ज किया गया, जिसका केंद्र मोरोन से 16 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में 10 किलोमीटर की गहराई पर था। कम गहराई पर आए इन भूकंपों के कारण झटकों का प्रभाव अत्यधिक विनाशकारी रहा।
काराकास के लॉस पालोस ग्रांडेस, अल्तामिरा और कारिकुआओ जैसे रिहायशी क्षेत्रों में कई इमारतें ढह गई हैं। कई स्थानों पर बचाव और राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है। सरकार ने माइक़ेटिया अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है तथा देशभर के स्कूल और कॉलेजों में कक्षाएं निलंबित कर दी गई हैं।
गृह मंत्री डियोसडाडो काबेलो ने नागरिकों से खुले स्थानों में रहने और सतर्क रहने की अपील की है। भूकंप के कारण कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति और दूरसंचार सेवाएं बाधित हो गई हैं।
यूएसजीएस ने चेतावनी दी है कि इस आपदा से भारी जानमाल के नुकसान की आशंका है, जिसमें प्रारंभिक अनुमान के अनुसार मृतकों की संख्या 10,000 से लेकर 1,00,000 तक पहुंच सकती है। हालांकि, आधिकारिक स्तर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
शुरुआत में तटीय क्षेत्रों के लिए सुनामी चेतावनी जारी की गई थी, जिसे बाद में हटा लिया गया।
इसी बीच, एशिया में जापान भी भूकंप के झटकों से प्रभावित हुआ है। जापान के आओमोरी प्रांत और आसपास के क्षेत्रों में 6.9 तीव्रता का भूकंप महसूस किया गया, जिसका केंद्र इवाते प्रांत के तट के पास बताया गया है। जापान सरकार ने किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्कता बढ़ा दी है, हालांकि फिलहाल सुनामी का कोई खतरा नहीं है।
इस बीच, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वेनेजुएला में हुए भूकंप पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए भारत की ओर से हर संभव सहायता देने की बात कही है।
वेनेजुएला में राहत और बचाव कार्य जारी है, जबकि कई क्षेत्रों से तबाही के भयावह दृश्य सामने आ रहे हैं।


