इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू के बेटे ने बदला नाम, टैक्स बचाने की अटकलों ने पकड़ा जोर
यरुशलम : इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बड़े बेटे यायर नेतन्याहू द्वारा अपना आधिकारिक नाम बदलने की खबर सामने आने के बाद देश में राजनीतिक और सार्वजनिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। रिपोर्टों के अनुसार, यायर नेतन्याहू ने अपना नाम बदलकर योनातान हुन (Yonatan Hun) कर लिया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इजरायल के कर (टैक्स) रिकॉर्ड में वर्ष 2026 के दस्तावेज नए नाम के साथ दर्ज किए गए हैं, जबकि पहचान संख्या और अन्य विवरण पहले जैसे ही हैं। नए उपनाम “हुन” को उनके ननिहाल के मूल पारिवारिक नाम से जोड़ा जा रहा है।
नाम परिवर्तन के बाद सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में इस बात को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं कि क्या यह कदम कर संबंधी कारणों या अन्य व्यक्तिगत वजहों से उठाया गया है। हालांकि, अब तक इस संबंध में यायर नेतन्याहू या प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है और न ही टैक्स से बचने के दावों की पुष्टि हुई है।
रिपोर्टों के अनुसार, इजरायली कानून के तहत आधिकारिक नाम बदलने के बाद निर्धारित अवधि तक दोबारा नाम बदलना संभव नहीं होता। उल्लेखनीय है कि नेतन्याहू परिवार में इससे पहले भी नाम परिवर्तन का मामला सामने आ चुका है। प्रधानमंत्री के छोटे बेटे अवनेर नेतन्याहू ने भी कुछ वर्ष पहले सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपना नाम बदल लिया था।
फिलहाल यायर नेतन्याहू के नाम परिवर्तन के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन इस मुद्दे ने इजरायल में नई राजनीतिक बहस को जन्म दे दिया है।








