स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को लेकर पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर ने बड़ा बयान दिया है। जाफर ने कहा कि भारतीय टीम में टी20 क्रिकेट के लिए जगह बनाना मुश्किल है, लेकिन दुनिया के किसी भी दूसरे देश की टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम में शुभमन गिल आसानी से जगह बना लेते।
जाफर ने अपने यूट्यूब वीडियो में गिल की बल्लेबाजी की तारीफ करते हुए उन्हें सभी प्रारूपों में खेलने वाला बल्लेबाज बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम में टी20 के लिए खिलाड़ियों के बीच इतनी कड़ी प्रतिस्पर्धा है कि गिल जैसे शानदार बल्लेबाज को भी जगह नहीं मिल पा रही है।
भारतीय टीम में जगह के लिए कड़ी प्रतिस्पर्धा
वसीम जाफर के मुताबिक भारत के पास टी20 प्रारूप में कई बेहतरीन शीर्ष क्रम के बल्लेबाज मौजूद हैं। इसी वजह से गिल के लिए टीम में जगह बनाना चुनौतीपूर्ण है। मौजूदा भारतीय टी20 सेटअप में संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी और ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों के विकल्प मौजूद हैं।
जाफर ने कहा कि गिल एक शानदार बल्लेबाज हैं और टी20 प्रारूप में भी उनका स्तर काफी ऊंचा है। उन्होंने यह भी कहा कि गिल की बल्लेबाजी क्षमता पर कोई सवाल नहीं है, बल्कि भारतीय टीम में उपलब्ध विकल्पों की संख्या उनकी राह मुश्किल बनाती है।
गिल की कप्तानी पर भी बोले जाफर
वसीम जाफर ने शुभमन गिल की कप्तानी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि कम उम्र में गिल जिस तरह से कप्तानी कर रहे हैं, उसमें परिपक्वता दिखाई देती है। जाफर ने उम्मीद जताई कि गिल आगे चलकर विराट कोहली की विरासत को आगे बढ़ा सकते हैं।
गौरतलब है कि गिल को 2026 टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया था। आईसीसी के अनुसार, इसके बाद गिल ने टी20 टीम में वापसी के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ने की बात कही थी।








