डेस्क : पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की रविवार को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उस समय हंगामा मच गया, जब एक व्यक्ति कथित तौर पर चाकू लेकर वहां पहुंच गया। सांसद के समर्थकों ने उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद पप्पू यादव ने आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की साजिश रची गई थी, लेकिन वह बाल-बाल बच गए।
पप्पू यादव ने घटना को लेकर कहा कि कुछ लोग लगातार उन्हें जान से मारने और जलाने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि ऐसे लोगों ने उन्हें नुकसान पहुंचाने के लिए 51 लाख रुपये देने की बात तक कही थी। सांसद के मुताबिक, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान संदिग्ध व्यक्ति पीछे से चाकू निकालने की कोशिश कर रहा था, जिसे उनके समर्थकों ने पकड़ लिया।
समर्थकों ने हमलावर को पकड़ा
घटना के बाद पप्पू यादव के समर्थकों ने संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सांसद के एक समर्थक ने कहा कि पप्पू यादव लगातार जनता के मुद्दे उठाते हैं और उन पर हमला करने की कोशिश गंभीर मामला है।
पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में ले लिया है। घटना की जांच की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह व्यक्ति वहां किस उद्देश्य से पहुंचा था।
वकील ने दिल्ली पुलिस पर उठाए सवाल
पप्पू यादव के वकील ने घटना को बेहद गंभीर बताते हुए दिल्ली पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पिछले दो दिनों से सांसद की सुरक्षा को लेकर शिकायतें की जा रही थीं। इसके बावजूद प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं दिखाई दी।
वकील ने आरोप लगाया कि सांसद के खिलाफ सोशल मीडिया पर भी धमकियां दी जा रही थीं और सुरक्षा को लेकर पुलिस को पहले ही जानकारी दी गई थी। उन्होंने कहा कि एक निर्वाचित सांसद की मौजूदगी में मीडिया के सामने इस तरह चाकू निकलना लोकतंत्र और सुरक्षा व्यवस्था दोनों के लिए गंभीर सवाल है।
पप्पू यादव बोले- ‘मैं बच गया’
घटना के बाद पप्पू यादव ने कहा कि उनके खिलाफ साजिश रची गई थी, लेकिन वह बच गए। उन्होंने दावा किया कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही थीं और आज की घटना उसी कड़ी का हिस्सा हो सकती है।
पुलिस अब हिरासत में लिए गए व्यक्ति से पूछताछ कर रही है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के पीछे उसकी वास्तविक मंशा क्या थी और क्या इसका संबंध सांसद की ओर से लगाए गए जान से मारने की साजिश के आरोपों से है।








