पाकिस्तान में छपे जाली नोटों की यूपी में सप्लाई, दो तस्कर गिरफ्तार

0

डेस्क : पाकिस्तान में छपे भारतीय जाली नोटों की पश्चिम बंगाल के रास्ते देश के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई किए जाने के मामले में उत्तर प्रदेश एटीएस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कासगंज निवासी अजीम खान और राजा उर्फ समीरुल के रूप में हुई है। दोनों को लखनऊ से गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 500 रुपये के 201 जाली नोट बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत 1,00,500 रुपये है।

एटीएस के अनुसार बरामद नोटों की आरबीआई के मानकों के अनुरूप जांच की गई। प्रथम दृष्टया ये नोट उच्च गुणवत्ता के पाए गए हैं। जांच में सामने आया है कि पाकिस्तान में तैयार किए गए जाली भारतीय नोट बांग्लादेश के रास्ते पश्चिम बंगाल के मालदा तक पहुंचाए जा रहे थे। मालदा में सक्रिय तस्कर एजेंटों के माध्यम से इन नोटों की उत्तर प्रदेश सहित अन्य राज्यों में सप्लाई कर रहे थे।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पश्चिम बंगाल से ट्रेन के जरिए जाली नोट लेकर लखनऊ पहुंचे थे। इसके बाद उन्हें दिल्ली जाना था। जांच में यह भी सामने आया कि दिल्ली समेत अन्य स्थानों पर भी जाली नोटों की सप्लाई की जाती थी।

एटीएस के मुताबिक मालदा में तस्करों से एक लाख रुपये की असली भारतीय मुद्रा के बदले तीन लाख रुपये के जाली नोट लिए जाते थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लखनऊ, दिल्ली और अन्य शहरों में जाली नोट किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे।

एटीएस को इस नेटवर्क से जुड़े अन्य एजेंटों के बारे में भी जानकारी मिली है। जांच एजेंसी इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि जाली मुद्रा का इस्तेमाल राष्ट्रविरोधी गतिविधियों या आतंकी नेटवर्क में तो नहीं किया जा रहा था। दोनों आरोपियों के खिलाफ एटीएस थाने में मामला दर्ज कर पूछताछ जारी है।