डेस्क : करीब तीन महीने पहले नवजात बच्ची को सूखे कुएं में फेंकने के मामले में तिजारा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मां-बेटे को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार 12 मई को पालपुर रोड स्थित एक पुराने सूखे कुएं से नवजात बच्ची के रोने की आवाज सुनाई दी थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से करीब 50 से 60 फीट गहरे कुएं से बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तिजारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां शिशु वार्ड में उसका उपचार किया गया।
जांच में सामने आया कि बच्ची की उम्र करीब 12 से 24 घंटे थी। समय पर जानकारी मिलने और ग्रामीणों की मदद से बच्ची की जान बच सकी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से जांच आगे बढ़ाते हुए पुलिस संदिग्धों तक पहुंची। इसके बाद सिरौली निवासी शहनाज और उसके बेटे साहिल को हरियाणा से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। नवजात बच्ची को कुएं में फेंकने के पीछे क्या कारण था और घटना में मां-बेटे की क्या भूमिका रही, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।








