उड़ान भरते ही हेलीकॉप्टर में आई खराबी, कोलाघाट में शुभेंदु अधिकारी की आपात लैंडिंग

0

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के हेलीकॉप्टर की मंगलवार को कोलाघाट में आपात लैंडिंग करानी पड़ी। मुख्यमंत्री कोलकाता से पश्चिम मेदिनीपुर के केशपुर जा रहे थे। उड़ान के कुछ देर बाद हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी सामने आई। इसी दौरान मेदिनीपुर में भारी बारिश और खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर को वहां उतारना भी संभव नहीं था। ऐसे में पायलट ने कोलाघाट के हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर को सुरक्षित उतारने का फैसला किया। मुख्यमंत्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।

उड़ान से पहले भी आई थी तकनीकी खराबी

जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर में कोलकाता हवाई अड्डे से उड़ान भरने से पहले ही तकनीकी खराबी सामने आई थी। कुछ समय में समस्या को ठीक कर लिया गया, जिसके बाद हेलीकॉप्टर ने सुबह 11 बजकर 21 मिनट पर उड़ान भरी।

हालांकि उड़ान भरने के करीब 40 मिनट बाद दोपहर लगभग 12 बजे हेलीकॉप्टर में फिर तकनीकी समस्या सामने आ गई। इसी समय मेदिनीपुर क्षेत्र में मौसम खराब होने के कारण वहां उतरना मुश्किल था। इसके बाद कोलाघाट में आपात लैंडिंग कराई गई।

मरम्मत में जुटे तकनीकी विशेषज्ञ

कोलाघाट में उतरने के बाद हेलीकॉप्टर की तकनीकी जांच और मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। तकनीकी विशेषज्ञ यह पता लगाने में जुटे हैं कि हेलीकॉप्टर में खराबी किस वजह से आई।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, तकनीकी विशेषज्ञों की अनुमति मिलने के बाद ही मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर से आगे जाने पर फैसला होगा। फिलहाल खराब मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री के केशपुर जाने के लिए सड़क मार्ग की व्यवस्था की गई है।

शहीद खुदीराम बोस को श्रद्धांजलि देने जा रहे थे

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी केशपुर के मोहबनी गांव में महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद खुदीराम बोस को श्रद्धांजलि देने जा रहे थे। आज खुदीराम बोस का शहादत दिवस है।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर मोहबनी गांव में तैयारियां की गई थीं। उनके लिए अस्थायी हेलीपैड भी बनाया गया था। जिला पुलिस अधीक्षक ने हेलीपैड का निरीक्षण किया था, जबकि मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात विशेष सुरक्षा दल ने भी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था।

मुख्यमंत्री सुरक्षित, टला बड़ा खतरा

हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी और खराब मौसम की दोहरी चुनौती के बीच पायलट ने कोलाघाट में आपात लैंडिंग कराई। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है और मुख्यमंत्री सुरक्षित हैं।