डेस्क : अभिनेता यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ रिलीज से पहले ही चर्चा में है। फिल्म के इंटीमेट और बोल्ड दृश्यों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच यश ने शूटिंग से जुड़ी एक अहम बात साझा की है। उन्होंने बताया कि फिल्म में जिस तरह के इंटीमेट सीन दिखाई दे रहे हैं, उन्हें लेकर पर्दे के पीछे काफी सावधानी बरती गई थी। यश ने साफ कहा कि उन्होंने फिल्म में किस तक नहीं किया है।
इंटीमेट सीन को लेकर यश ने दी सफाई
यश के मुताबिक, किसी भी इंटीमेट सीन को फिल्माते समय कलाकारों की सहजता और सीमाओं का ध्यान रखना जरूरी है। उन्होंने बताया कि पर्दे पर सीन भले ही काफी करीब का नजर आए, लेकिन उसे शूट करने का तरीका अलग हो सकता है।
अभिनेता ने यह भी संकेत दिया कि फिल्म में तकनीक और कैमरा एंगल का इस्तेमाल इस तरह किया गया है कि दृश्य प्रभावी लगे, लेकिन कलाकारों को वास्तविक रूप से वैसा सब कुछ करने की जरूरत न पड़े।
पहले भी विवादों में रहा फिल्म का सीन
‘टॉक्सिक’ का टीजर जारी होने के बाद फिल्म के एक बोल्ड सीन को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। टीजर में यश और एक महिला किरदार के बीच इंटीमेट दृश्य दिखाया गया था। इस पर सोशल मीडिया पर भी लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं।
फिल्म के एक पुराने वीडियो इंटरव्यू में यश यह भी कह चुके हैं कि वह ऐसे दृश्य नहीं करना चाहते, जिन्हें अपने माता-पिता के साथ बैठकर देखने में उन्हें असहजता महसूस हो।
कियारा आडवाणी के साथ नजर आएंगे यश
‘टॉक्सिक’ में यश के साथ कियारा आडवाणी मुख्य भूमिका में हैं। फिल्म में नयनतारा, हुमा कुरैशी और तारा सुतारिया भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है।
फिल्म की कहानी और इसके गहरे, बोल्ड अंदाज को लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्सुकता है। इंटीमेट दृश्यों पर यश का बयान फिल्म की रिलीज से पहले चर्चा को और बढ़ाता है।








