डेस्क : देश के कई हिस्सों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 20 अगस्त को उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार कई इलाकों में बारिश का दौर 25 अगस्त तक जारी रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में तेज बारिश के आसार
IMD के मुताबिक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 20 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के पर्वतीय क्षेत्रों में भी तेज बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है।
एमपी में दो दिन भारी बारिश का अनुमान
मध्य प्रदेश में 20 और 21 अगस्त को तेज बारिश की संभावना है। इसके बाद 23 और 24 अगस्त को भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 23 से 25 अगस्त तक भारी बारिश का अनुमान है। IMD ने पूर्वी मध्य प्रदेश के लिए 20 से 22 अगस्त तक कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की चेतावनी भी दी है।
छत्तीसगढ़ और बिहार में भी अलर्ट
छत्तीसगढ़ में 20 अगस्त को बारिश और 21 अगस्त तक गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। बिहार में 21 से 23 अगस्त के बीच भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 22 अगस्त को गरज और बिजली चमकने की गतिविधि बढ़ सकती है। झारखंड और ओडिशा में भी आने वाले दिनों में भारी बारिश का अनुमान है।
दिल्ली में बादल और बारिश का दौर
राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार को आसमान में बादल छाए रहने और कई इलाकों में बारिश होने की संभावना है। अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार बारिश से दिल्लीवासियों को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है।








