डेस्क : टीवी अभिनेत्री श्वेता तिवारी ने ऑनलाइन किराना सामान की डिलीवरी को लेकर सोशल मीडिया पर चिंता जताई है। अभिनेत्री ने दावा किया कि उन्होंने स्विगी इंस्टामार्ट से रेड बुल मंगाया था और इसके साथ उनके घर में एक कॉकरोच भी पहुंच गया। श्वेता ने घटना का वीडियो अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा किया और महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन के आयुक्त तुकाराम मुंढे को टैग करते हुए मामले पर ध्यान देने की अपील की।
वीडियो में दिखाया कॉकरोच
श्वेता तिवारी ने वीडियो में बताया कि इंस्टामार्ट से मंगाए गए रेड बुल के साथ कॉकरोच उनके घर पहुंच गया। उन्होंने घर के फर्नीचर पर घूमते कॉकरोच को भी कैमरे में रिकॉर्ड किया। अभिनेत्री ने कहा कि कॉकरोच पूरे घर में घूम रहा है।
इसके बाद श्वेता ने मजाकिया अंदाज में अपने प्रशंसकों से पूछा कि क्या उन्हें तुकाराम मुंढे को टैग करना चाहिए। उन्होंने मुंढे को टैग करते हुए कहा कि अब इंस्टामार्ट से घर पर कॉकरोच भी आ रहे हैं और उनसे इस मामले पर ध्यान देने को कहा।
खाद्य सुरक्षा को लेकर पहले से चर्चा में हैं मुंढे
तुकाराम मुंढे महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन की ओर से खाद्य कारोबार और त्वरित वाणिज्य सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों के निरीक्षण को लेकर इन दिनों चर्चा में हैं। रिपोर्ट के अनुसार, नियमों और साफ-सफाई में खामियां मिलने पर कई प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई है।
श्वेता तिवारी की शिकायत ऐसे समय सामने आई है जब ऑनलाइन किराना और खाद्य पदार्थों की डिलीवरी में स्वच्छता तथा खाद्य सुरक्षा के मानकों को लेकर बहस तेज है।
‘द ट्रेटर्स’ में भी नजर आ रही हैं श्वेता
काम की बात करें तो श्वेता तिवारी इन दिनों रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स इंडिया’ के दूसरे सीजन में नजर आ रही हैं। वह आने वाली फिल्म ‘वन – फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट’ का भी हिस्सा हैं।








