पटना : बिहार के गरीब परिवारों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्य में 11 लाख 18 हजार 937 नए पक्के मकानों को मंजूरी दी गई है। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को पटना में आयोजित कार्यक्रम के दौरान नए आवासों के स्वीकृति पत्र मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सौंपे।
कार्यक्रम में राज्य के दो लाख 35 हजार लाभुकों को पक्के मकानों की चाबी भी सौंपी गई। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प देश के हर गरीब परिवार को पक्का घर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बिहार में कोई गरीब बहन कच्चे मकान में नहीं रहेगी। आगे होने वाले सर्वे में जो पात्र परिवार छूट जाएंगे, उनके लिए भी पक्के मकान बनाए जाएंगे।
किसानों को भी राहत का दावा
शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बिहार में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना लागू की जा रही है। फसल को नुकसान होने की स्थिति में किसानों को योजना के तहत आर्थिक मदद मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के तहत बिहार में इस बार मसूर की खरीद की गई है और किसान पहचान पत्र बनाने के मामले में राज्य देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।
सम्राट चौधरी ने केंद्र से किया आग्रह
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने केंद्र सरकार के इस फैसले को गरीब परिवारों के लिए बड़ा कदम बताया। उन्होंने केंद्र से बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बड़े हाट बनाने में सहयोग देने का आग्रह भी किया, ताकि जीविका दीदियों के उत्पादों को व्यापक बाजार मिल सके।
शिवराज ने कांग्रेस और राजद पर साधा निशाना
कार्यक्रम के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर भी राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने वंदे मातरम् को लेकर कांग्रेस के रुख की आलोचना की। साथ ही राजद पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में बिहार में भ्रष्टाचार और अपराध का बोलबाला था। उन्होंने दावा किया कि अब बिहार विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
केंद्र और बिहार सरकार इस फैसले को गरीब कल्याण और ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बता रही हैं। 11 लाख से अधिक आवासों की मंजूरी से बड़ी संख्या में जरूरतमंद परिवारों को पक्की छत मिलने की उम्मीद है।








