डेस्क : अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की शादीशुदा जिंदगी को लेकर पिछले कुछ समय से लगातार चर्चाएं चल रही हैं। अभिनेत्री कोमल रानी स्वर्णकार के साथ गोविंदा की नजदीकियों की खबरों के बीच सुनीता ने हाल ही में दावा किया था कि गोविंदा दूसरी शादी करने की तैयारी में हैं। हालांकि अब अभिनेता के मैनेजर शशि सिन्हा ने इन खबरों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
गोविंदा के मैनेजर ने साफ कहा है कि अभिनेता की दूसरी शादी की कोई योजना नहीं है। उनके मुताबिक, गोविंदा और सुनीता के बीच अभी भी पति-पत्नी का रिश्ता कायम है। उन्होंने यह भी कहा कि अगर गोविंदा वास्तव में सुनीता से रिश्ता खत्म करना चाहते या दूसरी शादी करना चाहते, तो तलाक की पहल खुद करते।
दरअसल, सुनीता आहूजा ने हाल ही में राखी सावंत से बातचीत के दौरान दावा किया था कि उन्होंने गोविंदा के खिलाफ दायर तलाक की याचिका इसलिए वापस ले ली, क्योंकि उन्हें जानकारी मिली थी कि गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार शादी करने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद से ही अभिनेता की निजी जिंदगी को लेकर चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया।
सुनीता के इस दावे के बीच गोविंदा और कोमल रानी स्वर्णकार की आगामी फिल्म ‘रूपा’ को लेकर भी लोगों की नजरें हैं। दोनों के बीच कथित नजदीकियों को लेकर पहले से ही तरह-तरह की अटकलें लगाई जाती रही हैं, हालांकि किसी रिश्ते की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गोविंदा के मैनेजर ने सुनीता के सार्वजनिक बयानों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि गोविंदा ने कभी सार्वजनिक रूप से सुनीता के खिलाफ कुछ नहीं कहा है और दोनों के बीच जो भी स्थिति है, वह उनके और उनके परिवार के बीच का निजी मामला है।
इस पूरे विवाद के बीच फिलहाल सबसे बड़ी बात यही है कि गोविंदा की दूसरी शादी की खबरों को उनके मैनेजर ने साफ तौर पर नकार दिया है। वहीं, सुनीता द्वारा तलाक की याचिका वापस लिए जाने के बाद दोनों के रिश्ते को लेकर आगे क्या स्थिति बनती है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है ।








