श्रीदेवी से शादी करना चाहते थे रजनीकांत, एक घटना ने रोक दिए कदम

0

डेस्क : सुपरस्टार रजनीकांत और दिवंगत अभिनेत्री श्रीदेवी ने पर्दे पर कई यादगार फिल्मों में साथ काम किया। दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया, लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि एक समय रजनीकांत श्रीदेवी को लेकर बेहद गंभीर थे और उनसे शादी करने के बारे में सोच रहे थे। बताया जाता है कि वह श्रीदेवी को प्रपोज करने का मन भी बना चुके थे, लेकिन एक ऐसी घटना हुई, जिसे उन्होंने अपशकुन मान लिया और अपना इरादा बदल दिया।

श्रीदेवी के गृहप्रवेश में पहुंचे थे रजनीकांत

फिल्ममेकर के. बालचंदर ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि रजनीकांत श्रीदेवी को पसंद करते थे और उनके साथ शादी के बारे में सोच रहे थे। इसी इरादे से वह श्रीदेवी के घर हुए गृहप्रवेश समारोह में पहुंचे थे। योजना थी कि इसी दौरान वह अपने दिल की बात श्रीदेवी से कहेंगे।

हालांकि, समारोह के दौरान अचानक बिजली चली गई और पूरा घर अंधेरे में डूब गया। रजनीकांत शकुन-अपशकुन को काफी महत्व देते थे। उन्होंने इस घटना को अच्छा संकेत नहीं माना और श्रीदेवी को प्रपोज किए बिना ही वहां से चले गए।

रिश्ते में नहीं आई कड़वाहट

बताया जाता है कि रजनीकांत ने भले ही श्रीदेवी से अपने प्यार का इजहार नहीं किया, लेकिन दोनों के बीच सम्मान और अपनापन बना रहा। दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया और पर्दे पर उनकी जोड़ी दर्शकों को पसंद आती रही।

श्रीदेवी ने महज 13 साल की उम्र में फिल्म ‘मूंदरू मुदिचू’ में रजनीकांत की सौतेली मां की भूमिका निभाई थी। इसके बाद दोनों ने ‘16 वयाथिनिले’, ‘जॉनी’, ‘भगवान दादा’, ‘अदुथा वारिसु’ और ‘रानुवा वीरन’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया। दोनों ‘चालबाज’ में भी साथ नजर आए थे।

एक तरफ रजनीकांत और श्रीदेवी की ऑन-स्क्रीन जोड़ी ने दर्शकों का मनोरंजन किया, वहीं उनकी ऑफ-स्क्रीन कहानी का यह किस्सा आज भी फिल्मी दुनिया की अनकही कहानियों में शामिल है।