चुनाव से पहले योगी सरकार का बड़ा ऐलान, छह महीने में एक लाख युवाओं को नौकरी

0

लखनऊ :  उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले युवाओं के लिए योगी सरकार ने बड़ा ऐलान किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अगले छह महीनों में प्रदेश के एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी। नियुक्ति पत्र अलग-अलग चरणों में हर सप्ताह वितरित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने यह घोषणा मंगलवार को लखनऊ में ‘मिशन रोजगार’ के तहत आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में की। इस अवसर पर कृषि विभाग में प्राविधिक सहायकों और राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद में मंडी सचिवों के पदों पर चयनित 3400 से अधिक अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विभिन्न भर्ती परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं और अब परिणाम जारी करने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने भर्ती आयोगों और बोर्डों से परिणाम जारी करने की समयसीमा को और कम करने के निर्देश दिए हैं, ताकि युवाओं को नियुक्ति के लिए लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा जब नौकरी के लिए भटकता है तो यह अच्छा नहीं लगता। सरकार का प्रयास है कि भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध हो तथा योग्य युवाओं को बिना किसी बाधा के रोजगार का अवसर मिले।

उन्होंने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 9.30 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इन नियुक्तियों की प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की गई है।

योगी ने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले भर्ती प्रक्रिया विवादों और भ्रष्टाचार के आरोपों में उलझ जाती थी, जिसके कारण युवाओं का समय और उम्र दोनों प्रभावित होते थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के साथ काम कर रही है और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को प्राथमिकता दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने यूपी बोर्ड की परीक्षा व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अब बोर्ड परीक्षाएं कम समय में पूरी कराई जा रही हैं और परिणाम भी शीघ्र घोषित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य युवाओं को समय पर आगे की पढ़ाई और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।