डेस्क : बिहार की राजधानी पटना में मंगलवार को विभिन्न छात्र संगठनों के प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई। अपनी मांगों को लेकर बड़ी संख्या में सड़क पर उतरे छात्रों ने लोकभवन की ओर मार्च करने का प्रयास किया। डाकबंगला चौराहे पर छात्रों ने पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया।
प्रदर्शन को देखते हुए पटना में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। डाकबंगला चौराहे पर भारी लोहे की चादरों से बैरिकेडिंग की गई थी। अतिरिक्त पुलिस बल के साथ CRPF के जवानों को भी तैनात किया गया। जवान बॉडी प्रोटेक्टर से लैस होकर मौके पर मौजूद रहे।
छात्र लगातार लोकभवन की ओर बढ़ने का प्रयास करते रहे। जेपी गोलंबर के पास भी पुलिस और प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। छात्रों ने यहां भी बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण वे आगे नहीं बढ़ सके। प्रदर्शनकारी छात्र अपने हाथों में मांगों से जुड़े बैनर और पोस्टर लेकर पहुंचे थे।
वार्ता के बाद भी नहीं बनी सहमति
छात्र संगठनों के आंदोलन को समाप्त कराने के लिए राज्य सरकार की ओर से सोमवार को पहल की गई थी। सरकार के निर्देश के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों के साथ पटना के डीएम और एसएसपी ने विभिन्न छात्र संगठनों के प्रतिनिधियों से अलग-अलग वार्ता की। करीब दो से तीन घंटे चली बैठकों में कई मुद्दों पर सहमति बनी, लेकिन TRE-4 में निगेटिव मार्किंग समाप्त करने और एकल परीक्षा कराने जैसे प्रमुख मुद्दों पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद छात्र संगठनों ने मंगलवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत प्रदर्शन जारी रखने का फैसला किया।
कई इलाकों में यातायात प्रभावित
छात्रों के प्रदर्शन के कारण पटना के कई प्रमुख इलाकों में यातायात प्रभावित हुआ। इनकम टैक्स चौराहा, हाईकोर्ट और वीरचंद पटेल पथ समेत कई मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही। छात्रों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस ने बैरिकेडिंग की।
नया सचिवालय के पास बेली रोड के दोनों ओर भी छात्रों को रोकने के लिए करीब एक दर्जन बालू लदे ट्रैक्टर खड़े किए गए।
पानी की बौछारों के बीच प्रदर्शन
मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ रहे विद्यार्थियों ने कई स्थानों पर पुलिस अवरोधक पार करने का प्रयास किया। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने पानी की बौछारें कीं। वाटर कैनन के इस्तेमाल के बीच कुछ छात्र शैंपू लगाकर नहाते हुए भी नजर आए।
प्रदर्शन के दौरान एक छात्र के सिर में चोट लगने की सूचना है, जबकि एक छात्रा के बेहोश होने की भी जानकारी सामने आई है। कई स्थानों पर पुलिस और छात्रों के बीच झड़प की स्थिति बनी।
किसानों का प्रदर्शन भी पहुंचा डाकबंगला
छात्रों के प्रदर्शन के बीच डाकबंगला चौराहे के पास टाउनशिप परियोजना का विरोध कर रहे किसान भी पहुंच गए। किसानों का आरोप है कि उनकी जमीन लिए जाने का विरोध करने के लिए वे प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान किसानों और पुलिस के बीच भी झड़प की स्थिति बनी।
पटना में छात्र और किसान संगठनों के एक साथ प्रदर्शन के कारण प्रशासन की चुनौती बढ़ गई है। शहर के प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल की तैनाती जारी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।








