डायरेक्टर की हंसी ने रोकी अमिताभ की शूटिंग, बिग बी ने कहा- बाहर जाइए

0

डेस्क : महानायक अमिताभ बच्चन अपने अनुशासन और काम के प्रति समर्पण के लिए जाने जाते हैं। लेकिन एक दौर में शूटिंग के दौरान ऐसा दिलचस्प वाकया हुआ, जब उन्होंने अपनी ही फिल्म के निर्देशक को सेट से बाहर जाने के लिए कह दिया था। खास बात यह है कि इसके पीछे कोई विवाद या गुस्सा नहीं, बल्कि एक मजेदार वजह थी।

यह किस्सा अमिताभ बच्चन और निर्देशक प्रकाश मेहरा की फिल्म ‘नमक हलाल’ से जुड़ा है। फिल्म का एक बेहद लोकप्रिय संवाद था—“आई कैन टॉक इंग्लिश, आई कैन वॉक इंग्लिश”। यह संवाद अमिताभ बच्चन ने शूटिंग के दौरान खुद इम्प्रोवाइज किया था।

जब भी अमिताभ यह संवाद बोलते, निर्देशक प्रकाश मेहरा को हंसी आ जाती थी। बार-बार ऐसा होने से अमिताभ का फोकस भी प्रभावित हो रहा था। ऐसे में उन्होंने प्रकाश मेहरा से कुछ देर के लिए सेट से बाहर जाने को कह दिया, ताकि वह बिना किसी व्यवधान के अपना सीन पूरा कर सकें। निर्देशक ने भी उनकी बात मान ली और सेट से बाहर चले गए। इसके बाद अमिताभ ने अपना सीन पूरा किया।

‘नमक हलाल’ से जुड़ा एक और दिलचस्प किस्सा

‘नमक हलाल’ के दौर में अमिताभ बच्चन के सामने हीरोइन को लेकर भी कुछ मुश्किलें थीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उस समय कई अभिनेत्रियां अलग-अलग कारणों से उनके साथ काम नहीं कर पा रही थीं। ऐसे में अमिताभ ने प्रकाश मेहरा से अभिनेत्री स्मिता पाटिल को फिल्म में लेने की बात कही थी।

‘नमक हलाल’ अमिताभ बच्चन और शशि कपूर की बतौर लीड जोड़ी वाली आखिरी फिल्मों में से एक रही। इसके बाद दोनों ने ‘अकेला’ में काम किया, हालांकि उसमें शशि कपूर की भूमिका लीड हीरो की नहीं थी। बाद में शशि कपूर ने ‘अजूबा’ का निर्देशन किया, जिसमें अमिताभ बच्चन भी नजर आए थे।