आशा भोसले की आवाज में आखिरी गीत, जन्मदिन पर फिर गूंजेगा ‘ऐ मेरी जिंदगी’

0

डेस्क : महान गायिका आशा भोसले के प्रशंसकों के लिए भावुक कर देने वाली खबर है। उनकी आवाज में रिकॉर्ड किया गया आखिरी फिल्मी गीत ‘ऐ मेरी जिंदगी, तू छुपी है कहाँ’ आगामी फिल्म ‘ओम का हरि’ में शामिल किया गया है। यह गीत 8 सितंबर को आशा भोसले की जयंती के अवसर पर रिलीज किया जाएगा।

आशा भोसले ने यह गीत 2023 में 90 वर्ष से अधिक की उम्र में रिकॉर्ड किया था। फिल्म के निर्माताओं ने उनके जन्मदिन पर गीत जारी करने का फैसला उनकी अमर संगीत विरासत को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से किया है।

‘ओम का हरि’ का निर्देशन हरीश व्यास ने किया है। फिल्म में अंशुमन झा, रघुबीर यादव, सोनी राजदान और आयशा कपूर प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी पिता-पुत्र के रिश्ते, पीढ़ियों के बीच के मतभेद और उन भावनाओं के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें अक्सर परिवार में कह नहीं पाते।

फिल्म में आशा भोसले की आवाज को बेहद खास भावनात्मक स्थान दिया गया है। गीत जीवन की खुशी, प्रेम और अपनी भावनाओं को समय रहते व्यक्त करने की अहमियत को सामने लाता है।

निर्देशक हरीश व्यास ने कहा कि जन्मदिन पर गीत रिलीज करने का उद्देश्य आशा जी की कालजयी आवाज, उनकी महान विरासत और उन पीढ़ियों का जश्न मनाना है, जिन्हें उनके संगीत ने छुआ है।

अभिनेता अंशुमन झा ने भी आशा भोसले की आवाज को फिल्म से जुड़ा बेहद भावुक अनुभव बताया। उनके अनुसार, इस गीत के जरिए फिल्म की भावनात्मक कहानी को एक अलग गहराई मिली है।

सात दशकों से अधिक लंबे करियर में आशा भोसले ने हजारों यादगार गीतों को अपनी आवाज दी। ‘दम मारो दम’, ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘चुरा लिया है तुमने जो दिल को’ और ‘ये मेरा दिल’ जैसे गीत आज भी संगीत प्रेमियों के बीच लोकप्रिय हैं। उनके आखिरी रिकॉर्ड किए गए फिल्मी गीत का रिलीज होना उनके संगीत सफर की एक भावुक विदाई के रूप में देखा जा रहा है।