स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय पुरुष फुटबॉल टीम 26 सितंबर को फीफा पुरुष अंतरराष्ट्रीय मैच विंडो के दौरान पनामा के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय मैत्री मुकाबला खेलेगी। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) ने मुकाबले के लिए बेंगलुरु के श्री कांतीरवा स्टेडियम को मेजबान स्थल के रूप में पुष्टि की है।
यह मुकाबला भारतीय टीम की बेंगलुरु में लंबे अंतराल के बाद वापसी का गवाह बनेगा। इससे पहले 2023 सैफ चैंपियनशिप के दौरान इसी मैदान पर भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया था। फाइनल में भारत ने कुवैत को हराकर घरेलू मैदान पर ट्रॉफी जीती थी। पूरे टूर्नामेंट के दौरान बेंगलुरु के फुटबॉल प्रशंसकों ने टीम को जोरदार समर्थन दिया था।
विश्व रैंकिंग में 44वें स्थान पर काबिज पनामा भारत के लिए कड़ी चुनौती पेश करेगा। पनामा ने 2026 फीफा विश्व कप में भी हिस्सा लिया था। ऐसे में यह मुकाबला भारतीय टीम के लिए विश्व कप स्तर की टीम के खिलाफ महत्वपूर्ण परीक्षा माना जा रहा है।
पनामा के खिलाफ मुकाबला भारत के व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम का हिस्सा होगा। इसके ठीक एक सप्ताह बाद, 3 अक्टूबर को कोलकाता में भारतीय टीम पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील से भिड़ेगी।
बेंगलुरु में भारत और मजबूत टीम के बीच मुकाबले का इतिहास भी रहा है। वर्ष 2001 में फीफा विश्व कप क्वालीफायर में भारत ने उस समय विश्व रैंकिंग में उससे 54 स्थान ऊपर काबिज संयुक्त अरब अमीरात को 1-0 से हराकर यादगार जीत दर्ज की थी। अब 25 साल बाद शहर एक बार फिर मजबूत अंतरराष्ट्रीय प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ भारतीय टीम की मेजबानी करेगा।
एआईएफएफ के उपाध्यक्ष और कर्नाटक राज्य फुटबॉल संघ के अध्यक्ष एनए हारिस ने कहा कि भारतीय टीम की बेंगलुरु में वापसी शहर और कर्नाटक के फुटबॉल समुदाय के लिए गर्व का अवसर है। उन्होंने कहा कि 2023 सैफ चैंपियनशिप के दौरान स्टेडियम में दिखा उत्साह और भारत की खिताबी जीत इस शहर के फुटबॉल प्रेम को दर्शाती है।
हारिस ने कहा कि पनामा जैसी विश्व कप में हिस्सा ले चुकी टीम के खिलाफ मुकाबला बेंगलुरु के लिए एक बड़ा अवसर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कर्नाटक के फुटबॉल प्रशंसक एक बार फिर बड़ी संख्या में पहुंचकर ब्लू टाइगर्स का उत्साह बढ़ाएंगे और स्टेडियम में यादगार माहौल बनाएंगे।








