स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले में पारी की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर उन्होंने इस प्रारूप में अपनी धाक कायम रखी। अभिषेक अब टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पारी की पहली गेंद पर सबसे ज्यादा बार छक्का लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
अभिषेक ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में सातवीं बार अपनी पारी की पहली गेंद पर छक्का लगाया। इसके साथ ही उन्होंने अफगानिस्तान के शफीकुल्लाह शिनवारी को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने छह बार यह कारनामा किया था। भारत के सूर्यकुमार यादव इस सूची में पांच छक्कों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग और न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो चार-चार बार ऐसा कर चुके हैं।
पहली गेंद से ही आक्रामक अंदाज
अभिषेक शर्मा अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। वह पारी की शुरुआत से ही गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश करते हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मुकाबले में भी उन्होंने यही अंदाज दिखाया। उनकी इस उपलब्धि ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में शुरुआती गेंदों पर आक्रामक बल्लेबाजी करने की क्षमता को फिर चर्चा में ला दिया है।
पावरप्ले में भी अभिषेक का दबदबा
अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड केवल पारी की पहली गेंद तक सीमित नहीं है। वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के पावरप्ले में भी छक्के लगाने के मामले में शीर्ष पर पहुंच चुके हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में उन्होंने पावरप्ले में अपना 100वां छक्का पूरा किया और ऐसा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने।
अभिषेक के लगातार बेहतर होते आंकड़े बताते हैं कि वह भारतीय टी20 टीम के प्रमुख आक्रामक बल्लेबाजों में अपनी जगह मजबूत कर रहे हैं। उनकी बल्लेबाजी में शुरुआत से ही बड़े शॉट खेलने का आत्मविश्वास दिखाई देता है, जो विपक्षी टीम के गेंदबाजों के लिए चुनौती बनता जा रहा है।









