मस्जिद पर चला बुलडोजर तो गरमाई यूपी की सियासत, अजय राय का भाजपा पर हमला

0

डेस्क : सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में करीब 120 साल पुरानी मस्जिद के ध्वस्तीकरण के बाद उत्तर प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने मस्जिद गिराए जाने को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कार्रवाई को शर्मनाक बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश को नफरत और विभाजन की राजनीति का अखाड़ा नहीं बनने दिया जाएगा।

अजय राय ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए कहा कि नफरत और विभाजन की राजनीति से समाज मजबूत नहीं होता, बल्कि सामाजिक सौहार्द और भाईचारा कमजोर होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि प्रदेश में हर धर्म, हर समुदाय और प्रत्येक नागरिक के साथ न्याय होना चाहिए।

‘बुलडोजर से इमारत गिर सकती है, लोकतंत्र की आवाज नहीं’

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि बुलडोजर की कार्रवाई के जरिए धार्मिक इमारतों को तो गिराया जा सकता है, लेकिन लोकतंत्र की आवाज और जनता के अधिकारों को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने सरकार से धार्मिक स्थलों और लोगों के अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता बरतने की अपील की।

कड़ी सुरक्षा के बीच हुआ ध्वस्तीकरण

सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित मस्जिद को शनिवार सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच ध्वस्त किया गया। प्रशासन के अनुसार यह कार्रवाई अदालती प्रक्रिया पूरी होने के बाद की गई। मौके पर भारी पुलिस बल और पीएसी तैनात रही तथा कलेक्ट्रेट परिसर के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए।

प्रशासन के मुताबिक मस्जिद को सरकारी जमीन पर अवैध निर्माण माना गया था। शहर मजिस्ट्रेट की ओर से दिए गए आदेश के खिलाफ दायर अपील को जिला अदालत ने भी खारिज कर दिया था। इसके बाद प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

विपक्ष ने उठाए सवाल

मस्जिद ध्वस्तीकरण के बाद विपक्षी दलों के नेताओं ने सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद सहित अन्य विपक्षी नेताओं ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। वहीं, पूरे मामले को लेकर उत्तर प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।

कांग्रेस ने इस कार्रवाई को सामाजिक सौहार्द से जोड़ते हुए भाजपा सरकार की नीतियों पर निशाना साधा है। दूसरी ओर, प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई अदालत के आदेश और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई।