डेस्क : पंजाब कांग्रेस में संगठनात्मक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए पार्टी हाईकमान ने राजस्थान के वरिष्ठ नेता और कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट को पंजाब का नया प्रभारी नियुक्त किया है। पायलट को भूपेश बघेल की जगह यह जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, बघेल को अब असम कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया है।
पंजाब कांग्रेस में लंबे समय से चल रही गुटबाजी और नेताओं के बीच मतभेदों के बीच पायलट की नियुक्ति को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी के सामने संगठन को एकजुट करने के साथ ही आगामी चुनावों के लिए कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की चुनौती है।
पंजाब में पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग समेत कई नेताओं के बीच मतभेद की खबरें समय-समय पर सामने आती रही हैं। ऐसे में पायलट के सामने पार्टी के विभिन्न गुटों को साथ लेकर चलने और संगठन को मजबूत करने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
कांग्रेस नेतृत्व की ओर से किए गए इस बदलाव को राज्य में पार्टी की चुनावी रणनीति को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। पायलट को संगठन में काम करने और नेताओं के बीच समन्वय स्थापित करने का अनुभव है। अब देखना होगा कि वह पंजाब कांग्रेस की आंतरिक चुनौतियों से किस तरह निपटते हैं।








