डेस्क : कॉमेडियन समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ एक बार फिर चर्चा में है। हालांकि इस बार वजह किसी विवादित मजाक का पूरा होना नहीं, बल्कि समय रैना का एक कंटेस्टेंट को मजाक पूरा करने से पहले ही रोक देना है। शो के हालिया एपिसोड में एक कंटेस्टेंट अहमदाबाद विमान हादसे का संदर्भ देते हुए मजाक करने जा रहा था, तभी समय रैना ने उसे बीच में रोक दिया।
फ्लाइट के डर पर सवाल से शुरू हुआ मजाक
शो के इस एपिसोड में वरुण धवन, मेधा शंकर, निशांत तंवर और शेरोन वर्मा नजर आए। कंटेस्टेंट विजय पोरिया से बातचीत के दौरान समय रैना ने उनसे पूछा कि उन्हें फ्लाइट में सफर करने से इतना डर क्यों लगता है। इस पर विजय ने बताया कि वह अहमदाबाद से हैं और इसके बाद उन्होंने विमान हादसे की ओर इशारा करते हुए मजाक शुरू करने की कोशिश की।
कंटेस्टेंट के मजाक को आगे बढ़ता देख समय रैना ने तुरंत हस्तक्षेप किया। उन्होंने विजय से कहा कि क्या वह कोई दूसरा जवाब दे सकते हैं, जिसे शो में रखा जा सके। इसके बाद समय ने सवाल दोबारा पूछा।
दूसरा जवाब सुनकर जमकर हंसे लोग
समय के दोबारा सवाल पूछने पर विजय ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उन्हें हवाई जहाज महंगे लगते हैं। इस जवाब पर शो में मौजूद लोगों ने जमकर ठहाके लगाए और माहौल हल्का हो गया।
पहले सीजन के बाद इस बार ज्यादा सतर्क नजर आ रहे समय
‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ का पहला सीजन कई विवादों में घिरा था। दूसरे सीजन में वापसी के बाद समय रैना संवेदनशील विषयों को लेकर अपेक्षाकृत अधिक सावधानी बरतते नजर आ रहे हैं। अहमदाबाद विमान हादसे से जुड़े मजाक को बीच में रोकने की उनकी यह पहल भी इसी सतर्कता के तौर पर देखी जा रही है।
गौरतलब है कि 12 जून 2025 को गुजरात से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट अहमदाबाद में दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी। हादसे में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई थी। इसी वजह से घटना से जुड़े मजाक को संवेदनशील माना जा रहा है।








